Brihadaranyaka Upanishad (बृहदारण्यक उपनिषद्)

From Dharmawiki
Revision as of 11:28, 26 March 2024 by AnuragV (talk | contribs) (सुधार जारी)
Jump to navigation Jump to search

बृहदारण्यकोपनिषद् अपने नाम से ही सूचित करती है कि यह उपनिषद् एक बडी (बृहद् = बडी लंबी) उपनिषद् है। यह उपनिषद् शुक्लयजुर्वेद के अन्तर्गत सुप्रसिद्ध शतपथ ब्राह्मण का ही एक भाग है। शतपथब्राह्मण की दो वाचनाएँ हैं। एक काण्वशाखीय वाचना और दूसरी माध्यन्दिन शाखीय वाचना है। काण्वशाखा की वाचना के सत्रह काण्ड हैं और माध्यन्दिन शाखा के केवल चौदह हैं। शतपथब्राह्मण की सत्रह काण्डोंवाली काण्वशाखीय वाचना के तीन से आठ अध्याय- कुल छः अध्याय ही यह बृहदारण्यक उपनिषद् है और शतपथब्राह्मण की चौदह काण्ड वाली माध्यन्दिन शाखा वाली वाचना के चार से नौ काण्ड (कुल छः काण्ड) ही यह बृहदारण्यक उपनिषद् है।

परिचय

यह शतपथ ब्राह्मण के १४ वें कांड का अन्तिम भाग है। यह शुक्ल यजुर्वेद से संबद्ध है। ब्राह्मण, आरण्यक और उपनिषद् तीनों में इसकी चर्चा होती है। बृहदारण्यक उपनिषद् में छः अध्याय हैं। अध्यायों को खण्डों या ब्राह्मणों में विभाजित किया गया है। और उन खण्डों या ब्राह्मणों को भी कण्डिकाओं में विभाजित किया गया है कण्डिकाओं की समानता मन्त्रों से की जा सकती है। इस उपनिषद् में ऐसी ४३५ कण्डिकाएँ हैं, ४७ ब्राह्मण या खण्ड हैं और छः अध्याय हैं। यह आकार में ही विशालकाय नहीं है, अपितु तत्त्वज्ञान में भी अग्रगण्य है। इसके विवेचन गंभीर, उदात्त और प्रामाणिक हैं। यह अध्यात्म-शिक्षा से ओतप्रोत है।

बृहदारण्यक उपनिषद् - शान्ति पाठ

ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात्पूर्णमुदच्यते । पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते ॥ ॐ शांतिः शांतिः शांतिः॥[1]

भाषार्थ - वह (परमात्मा) पूर्ण है, और यह (कार्य ब्रह्म - जगत्) भी पूर्ण ही है। क्योंकि पूर्ण में से ही पूर्ण की उत्पत्ति होती है। तथा (प्रलयकाल में) पूर्ण का अर्थात् कार्यब्रह्मरूप जगत् का पूर्णत्व लेकर केवल परब्रह्म (कारण ब्रह्म) ही शेष रहता है। ओम् त्रिविध तापों की शान्ति हो। अध्ययन प्रारम्भ करते समय शान्ति पाठ सभी प्रकार की शान्ति करने वाला है।

बृहदारण्यक उपनिषद् - वर्ण्य विषय

इस उपनिषद् के विभागीकरण का एक दूसरा भी प्रकार है। पहले दो अध्यायों वाले एक विभाग को मधुकाण्ड कहा गया है। बीच के दो अध्यायों (३ और ४ अध्यायों) को मुनिकाण्ड कहा जाता है। मुनिकाण्ड को याज्ञवल्क्य काण्ड भी कहते हैं। अन्तिम दो अध्यायों को (५ और ६ को) खिलकाण्ड कहा गया है। ये तीन काण्ड क्रमशः उपदेश, उपपत्ति और उपासना के तीन विषयों का विश्लेषण करते हैं। इन तीनों काण्डों में मुनिकाण्ड अथवा याज्ञवल्क्यकाण्ड अत्यंत महत्त्व का है। उसमें इस उपनिषद् की कण्डिकाओं में से आधी संख्या में कण्डिकाएँ शामिल हो जाती हैं। ऋषि याज्ञवल्क्य इस काण्ड के प्रधान वक्ता है। इन्होंने इसमें आत्मा का (ब्रह्म का) तत्त्वज्ञान बडी ही ओजस्विता से निरूपित किया है। और ब्रह्म या आत्मा सम्बन्धी अनेकानेक आनुषंगिक विषयों पर भी अपने उपदेशों में उनका सूक्ष्म निरूपण किया है। किसी भी युग के विश्व के महान् चिन्तकों में मुनि याज्ञवल्क्य को सहज ही उच्च आसन प्राप्त है।[2] बृहदारण्यक उपनिषद् के अध्यायों में वर्णित विषय इस प्रकार हैं -[3]

अध्याय 1 - यज्ञिय अश्व के रूप में परम पुरुष का वर्णन, मृत्यु का विकराल रूप, जगत् की उत्पत्ति, प्राण की श्रेष्ठता का वर्णन।

अध्याय 2 - अभिमानी गार्ग्य और काशिराज अजातशत्रु का संवाद। ब्रह्म के दो रूप - मूर्त और अमूर्त, याज्ञवल्क्य का अपनी दोनों पत्नियों - कात्यायनी और मैत्रेयी, में संपत्ति का विभाजन, मैत्रेयी का संपत्ति लेने से अस्वीकार करना और याज्ञवल्क्य से ब्रह्मविद्या का उपदेश प्राप्त करना।

अध्याय 3 - जनक की सभा में याज्ञवल्क्य का अपने प्रतिपक्षियों को हराना, गार्गी और याज्ञवल्क्य के प्रश्नोत्तर।

अध्याय 4 - याज्ञवल्क्य का जनक को ब्रह्मविद्या का उपदेश, इसमें पुनः याज्ञवल्क्य का संपत्ति-विभाजन का वर्णन, मैत्रेयी को ब्रह्मविद्या का उपदेश।

अध्याय 5 - प्रजापति का देव मनुष्य और असुरों को द द द का उपदेश। ब्रह्म के विभिन्न रूपों का वर्णन, प्राण ही वेदरूप हैं, गायत्री के विभिन्न रूप।

अध्याय 6 - प्राण की श्रेष्ठता, ऋषि प्रवाहण जैबलि और श्वेतकेतु का दार्शनिक संवाद, पञ्चाग्नि-मीमांसा। उपनिषदीय ऋषियों की वंश-परंपरा का विस्तृत वर्णन।

मैत्रेयी-याज्ञवल्क्य संवाद

बृहदारण्यक उपनिषद् में प्रतिपादित याज्ञवल्क्य एवं मैत्रेयी संवाद इस उपनिषद् के द्वितीय अध्याय के चतुर्थ ब्राह्मण में उपलब्ध चौदह मन्त्रों के रूप में संगृहीत है। महर्षि याज्ञवल्क्य की दो पत्नियाँ हैं - मैत्रेयी और कात्यायनी। महर्षि अब गृहस्थ आश्रम से विरत होकर संन्यास आश्रम में प्रवेश करना चाहते हैं लेकिन उसके पूर्व अपनी दोनों पत्नियों के बीच जो भी उनके पास है उसे बांट देना चाहते हैं। इस प्रसंग के साथ इस उपनिषद् का प्रारंभ होता है -[4]

मैत्रेयीति होवाच याज्ञवल्क्य उद्यास्यन्वा अरे हमस्मात्स्थानादस्मि हन्त ते नया कात्यायन्यान्तं करवाणीति॥१॥

इस संवाद के माध्यम से गुरु के द्वारा शिष्य के प्रति ब्रह्मविद्या का विधान करना इसका मुख्य उद्देश्य है। जिसका एक अंग सन्यास भी है।

बृहदारण्यक के विशिष्ट सन्दर्भ

इस उपनिषद् के छह अध्यायों में दो-दो अध्यायों के तीन काण्ड हैं, जिनको क्रमशः मधुकाण्ड, याज्ञवल्क्यकाण्ड और खिलकाण्ड कहा जाता है -[5]

  1. मधुकाण्ड
  2. याज्ञवल्क्य काण्ड
  3. खिलकाण्ड

सारांश

बृहदारण्यक उपनिषद् के सार-विषय इस प्रकार हैं -

  • अश्वमेध यज्ञ का महत्व तथा जगत् की उत्पत्ति
  • प्राण (जीवन) का अर्थ
  • प्राण शक्ति का महत्व
  • सद्गुण की विषय-वस्तु
  • परब्रह्म की महानता
  • सत्योपलब्धि के लिए दिशा तथा परब्रह्म

उपनिषद् का प्रारंभ अश्वमेध यज्ञ के वर्णन से होता है तथा अश्व की उपमा वैश्विक सत्ता के रूप में दी गयी है। जिसके प्रत्येक अंग को वैश्विक सत्ता से सम्बन्धित करके ध्यान करना चाहिये। अश्व से प्रारंभ करके यह जगत् की सृष्टि प्रक्रिया का विवरण देती है। आरम्भ में कुछ भी नहीं था। शून्य से सृष्टि का प्रारंभ हुआ। प्राण, आत्मा है तथा सबसे बलशाली है।

उद्धरण

  1. बृहदारण्यकोपनिषद्
  2. आचार्य केशवलाल वि० शास्त्री, उपनिषत्सञ्चयनम् , सन् २०१५, चौखम्बा संस्कृत प्रतिष्ठान, दिल्ली (पृ० २६५)।
  3. डॉ० कपिलदेव द्विवेदी, वैदिक साहित्य एवं संस्कृति, सन् २०००, विश्वविद्यालय प्रकाशन, वाराणसी (पृ० १८३)।
  4. बृहदारण्यक उपनिषद्,भूमिका, गीताप्रेस गोरखपुर (पृ० ६)।
  5. आचार्य बलदेव उपाध्याय, संस्कृत वांग्मय का बृहद् इतिहास - वेदखण्ड, सन् १९९९, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ (पृ० ५०२)।