प्रोद्योगिकी (तंत्रज्ञान) - भारतीय दृष्टि

From Dharmawiki
Revision as of 19:50, 22 March 2020 by Adiagr (talk | contribs) (लेख सम्पादित किया)
Jump to navigation Jump to search

विज्ञान और शास्त्र

सामान्यत: लोग इन दो शब्दों का प्रयोग इन के भिन्न अर्थों को समझे बिना ही करते रहते हैं। किसी पदार्थ की बनावट याने रचना को समझना विज्ञान है। और इस विज्ञान से प्राप्त जानकारी के आधार पर उस पदार्थ का क्यों, कैसे, किस के लिए उपयोग करना चाहिए आदि समझना यह शास्त्र है। जैसे मानव शरीर की रचना को जानना शरीर विज्ञान है। लेकिन इस विज्ञान के आधार पर शरीर को स्वस्थ बनाये रखने की जानकारी को आरोग्य शास्त्र कहेंगे।

विभिन्न प्रकार के मानव जाति के लिए उपयुक्त खाद्य पदार्थों की जानकारी को आहार विज्ञान कहेंगे। जबकि व्यक्ति की प्रकृति के अनुसार, मौसम के अनुसार क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए, कब खाना चाहिए और कब नहीं खाना चाहिए, किसने कितना खाना चाहिए आदि की जानकारी आहारशास्त्र है। मनुष्य की इच्छाओं की और उनकी पूर्ति के प्रयासों तथा इस हेतु उपयोजित धन, साधन और संसाधनों की जानकारी को अर्थ विज्ञान कहेंगे। जबकि इस जानकारी का उपयोग मानव जीवन को सार्थक बनाने में किस तरह और क्यों करना है, इसे जानना समृद्धि शास्त्र कहलाएगा। परमात्मा के स्वरूप को समझने के लिए जो बताया या लिखा जाता है वह अध्यात्म विज्ञान है। और परमात्मा की प्राप्ति के लिए क्या क्या करना चाहिए यह जानना अध्यात्म शास्त्र है।

तन्त्रज्ञान शास्त्र का ही एक हिस्सा है। क्योंकि शास्त्र में विज्ञान के माध्यम से प्रस्तुत जानकारी के प्रत्यक्ष उपयोजन का विषय भी होता है। और प्रत्यक्ष उपयोजन की प्रक्रिया ही तन्त्रज्ञान है। लेकिन इस के साथ ही उस विज्ञान का और तन्त्रज्ञान का उपयोग किसे करना चाहिये, किसे नहीं करना चाहिए, कब करना चाहिए, कब नहीं करना चाहिए, किसलिए करना चाहिए और किसलिए नहीं करना चाहिए, इन सब बातों को जानना शास्त्र है।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सुख

मानव के सभी क्रियाकलापों का उद्देश्य सुख की प्राप्ति ही होता है। लेकिन जब मानव के सुख को या संतोष को भी वैज्ञानिकता की कसौटी पर तौला जाता है, तब समस्याएँ खडीं होतीं हैं। वर्तमान में सारे विश्व में ‘वैज्ञानिक दृष्टिकोण’ का बोलबाला है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण का आतंक है यह भी कहें तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। मनुष्य सृष्टि का सबसे बुद्धिमान प्राणि माना जाता है। लेकिन वर्तमान शिक्षा के कारण वह सुविधाओं को ही सुख समझने लग गया है। सुविधाओं को याने शारीरिक सुख को वह मन के सुख से याने प्रेम, ममता, परोपकार, सहानुभूति आदि भावनाओं से या बुद्धि के सुख याने ज्ञान प्राप्ति के सुख आदि से अधिक श्रेष्ठ मानने लग गया है। गत २५०-३०० वर्षों में सायंस ने जो प्रगति की है वह आँखों को चौंधियाने वाली है। इस प्रगति की व्याप्ति चहुँमुखी है। मानव जीवन का कोई पहलू इससे अछूता नहीं रह गया है। हमारे सुबह (नींद से) उठने से लेकर दूसरे दिन फिर से सुबह उठने तक के हमारे दैनंदिन जीवन का विचार करें तो समझ में आएगा कि हमारे जीवन में तन्त्रज्ञान की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण बन गई है।

विविध क्षेत्रों में तन्त्रज्ञान की छलांग

  1. विद्युत निर्माण
  2. अणु / जल / औष्णिक /सौर
  3. स्वास्थ्य यंत्रावली
  4. आवागमन के साधन
  5. प्रसार माध्यम
  6. यांत्रिक कृषि
  7. रासायनिक उत्पादन
  8. प्लॅस्टिक की वस्तुएँ
  9. अवकाश तन्त्रज्ञान
  10. भवन निर्माण
  11. स्वयंचलितीकरण / यंत्रमानव
  12. मृदा
  13. सारक (अर्थ-मूव्हिंग) यंत्र प्रंणाली
  14. संगणक / अणुडाक, आंतरजाल आदि

अभारतीय (मूलतः पश्चिमी) जीवनदृष्टि और इस पर आधारित व्यवहार सूत्र

अभारतीय प्रतिमान को हम यूरो-अमरिकी प्रतिमान भी कह सकते हैं । यहूदी, ईसाई और मुस्लिम समाज इस प्रतिमान को मानने वाले हैं। इस प्रतिमान ने विश्व के अन्य सभी समाजों को गहराई से प्रभावित किया है। भारतीय समाज छोड कर अन्य सभी समाजों ने इसे सर्वार्थ से या तो अपना लिया है या तेजी से अपना रहे हैं। इस यूरो-अमरिकी प्रतिमान को मानने वाले दो तबके हैं।

  • एक तबका यहूदी/ ईसाई (Judeo-Christian) तत्वज्ञान को आधार मानने वाला है । यह तत्वज्ञान निम्न है: येहोवा / गॉड / अल्ला ने पाँच दिन सृष्टि का निर्माण किया और छठे दिन मानव का निर्माण कर मानव से कहा कि 'यह चर-अचर सृष्टि तुम्हारे उपभोग के लिये है'। यूरो अमरिकी समाज पर फ्रांसिस बेकन और रेने देकार्ते इन दो फिलॉसॉफरों की फिलोसोफी का गहरा प्रभाव है। इन का तत्वज्ञान कहता है कि प्रकृति मानव की दासी है। इसे कस कर अपनी जकड में रखना चाहिये। मानव जम कर इस का शोषण कर सके इसी लिये इस का निर्माण हुआ है। इस लिये प्रकृति का मानव ने जम कर (टू द हिल्ट) शोषण करना चाहिये।
  • दूसरा तबका है यूरो-अमरिकी साईंटिस्टों का। यूरो-अमरिकी साईंटिस्टों और उन का अनुसरण करने वाले भारत समेत विश्व के सभी साईंटिस्टों की विश्वदृष्टि का आधार डार्विन की 'विकास वाद' और मिलर की 'जड से रासायनिक प्रक्रिया से जीव निर्माण' की परिकल्पनाएं ही हैं। मानव इन रासायनिक प्रक्रियाओं के पुलिंदों में सर्वश्रेष्ठ है। इस लिये इसे अपने स्वार्थ के लिये अन्य रासायनिक प्रक्रियाएं नष्ट करने का पूरा अधिकार है।

यद्दपि आधुनिक साईंस ईसाईयत के कई गंभीर सिद्धांतों के विरोध में है, लेकिन फिर भी मोटा-मोटी दोनों तबकों का तत्वज्ञान एक ही है। इस लिये जीवन का प्रतिमान भी एक ही है। मजहब या रिलीजन, फिलॉसॉफरों की फिलोसोफी और साईंटिस्टों, तीनों के प्रभाव के कारण जो अभारतीय जीवन दृष्टि बनीं है उस के तीन मुख्य पहलू हैं:

  1. व्यक्तिवादिता : सारी सृष्टि केवल मेरे उपभोग के लिये बनीं है।
  2. जडवादिता : सृष्टि में सब जड ही है। चेतनावान कुछ भी नहीं है।
  3. इहवादिता : जो कुछ है यही जन्म है। इस से नहीं तो पहले कुछ था और ना ही आगे कुछ है।

इस जीवनदृष्टि के अनुसार जो व्यवहार सूत्र बने वे निम्न हैं:

  1. अनिर्बाध व्यक्तिस्वातंत्र्य (अनलिमिटेड इंडिव्हिज्युल लिबर्टी - unlimited individual liberty)।
  2. बलवान ही जीने का अधिकारी (सर्वायवल ऑफ द फिटेस्ट - survival of the fittest)।
  3. दुर्बल का शोषण (एक्स्प्लॉयटेशन ऑफ द वीक - exploitation of the weak)।
  4. सारी चराचर सृष्टि मेरे अनिर्बाध उपभोग के लिये बनी है। इस पर मेरा अधिकार है। इस के प्रति मेरा कोई कर्तव्य नहीं है। (राईट्स् बट नो डयूटीज- Rights but no duties)।
  5. अन्य मानव भी सृष्टि का उपभोग अपना अनिर्बाध अधिकार मानते हैं। इस लिये मुझे अपने उपभोग (जीने) के लिये अन्यों से संघर्ष करना होगा। (फाईट फॉर सर्व्हायव्हल -fight for survival)।
  6. उपभोग के लिये मुझे केवल यही जीवन मिला है। इस जीवन से पहले मै नहीं था और इस जीवन के समाप्त होने के बाद भी मै नहीं रहूंग़ा। इस लिये जितना उपभोग कर सकूँ, कर लूँ। (कंझ्यूमेरिझम् - consumerism)।
  7. इहवादिता (धिस इज द ओन्ली लाईफ। देयर वॉज नथिंग बिफोर एँड देयर शॅल बी नथिंग बियाँड धिस लाईफ - This is the only life. There was nothing before and there shall be nothing beyond this life)।
  8. मेरी रासायनिक प्रक्रिया (जीवन) अच्छी चले (स्वार्थ) यह महत्वपूर्ण है। इस लिये किसी अन्य रासायनिक प्रक्रिया में बाधा आती है (परपीडा होती है) तो भले आये। अन्य कोई रासायनिक प्रक्रिया बंद होती है (जीवन नष्ट होता है) तो भले हो जाये।
  9. चैतन्य को नकारने के कारण सृष्टि के विभिन्न अस्तित्वों में स्थित अंतर्निहित एकात्मता को अमान्य करने के कारण टुकडों में विचार करने की सोच। (पीसमील एप्रोच - piecemeal approach) ।
  10. सभी सामाजिक और सृष्टिगत संबंधों का आधार स्वार्थ ही है। सामाजिक संबंधों का आधार इसी लिये 'काँट्रॅक्ट' या करार या समझौता या एग्रीमेंट होता है।

पश्चिमी जीवनदृष्टि पर आधारित वर्तमान तन्त्रज्ञान दृष्टि के सूत्र

वर्तमान साईंस का विकास युरोपीय देशों में अभी २००-२५० वर्ष में ही हुआ है। रेने देकार्ते को इस साईंटिफिक टेम्परामेंट का जनक माना जाता है। रेने देकार्ते एक गणिति तथा फिलॉसॉफर था। इस साईंटिफिक टेम्परामेंट के महत्वपूर्ण पहलू निम्न है:

  1. द्वैतवाद : इस का धार्मिक (भारतीय) द्वैतवाद से कोई संबंध नहीं है। इस में यह माना गया है कि विश्व में "मैं" और अन्य सारी सृष्टि ऐसे दो घटक है। मैं इस सृष्टि का ज्ञान प्राप्त करने वाला हूं। मैं इस सृष्टि से भिन्न हूं। मैं इस सृष्टि का भोग करने वाला हूं।
  2. वस्तुनिष्ठता : जो प्रत्येक सामान्य मनुष्य द्वारा समान रूप से जाना जा सकता है वही वस्तुनिष्ठ है। एक साडी की लम्बाई और चौडाई तो सभी महिलाओं के लिये एक जितनी ही होगी। किन्तु उसका स्पर्श का अनुभव हर स्त्री का भिन्न होगा। एक किलो लड्डू का वजन कोई भी करे वह एक किलो ही होगा। किन्तु उस लड्डू का स्वाद हर मनुष्य के लिये भिन्न हो सकता है। इस लिये जिसका मापन किया जा सकता है वह साईंस के दायरे में आता है। लेकिन स्पर्श, स्वाद आदि जो हर व्यक्ति के अनुसार भिन्न भिन्न होंगे वे साईंस के विषय नहीं बन सकते।
  3. विखंडित विश्लेषण पद्दति : साईंटिफिक टेम्परामेंट की विचारधारा को देकार्ते की यह सब से बडी देन है। उस ने पेंचिदा बातों को समझने के लिये सामान्य मनुष्य के लिये विखंडित विश्लेषण पद्दति के रूप में एक प्रणाली बताई। इस पद्दति के अनुसार पूर्ण वस्तू का ज्ञान उसके छोटे छोटे टुकडों के प्राप्त किये ज्ञान का जोड होगा।
  4. जडवाद : जड का अर्थ है अजीव। पूरी सृष्टि अजीव पदार्थों की बनीं है। साईंस के अनुसार सारी सृष्टि में चेतन कुछ भी नहीं है। स्वयंप्रेरणा, स्वत: कुछ करने की शक्ति सृष्टि में कहीं नहीं है। साईंस भावना, प्रेम, सहानुभूति आदि नहीं मानता। मिलर की परिकल्पना के अनुसार जिन्हे हम जीव समझते है वे वास्तव में रासायनिक प्रक्रियाओं के पुलिंदे होते है।
  5. यांत्रिक दृष्टिकोण : टुकडों के ज्ञान को जोडकर संपूर्ण को जानना तब ही संभव होगा जब उस पूर्ण की बनावट यांत्रिक होगी। यंत्र में एक एक पुर्जा कृत्रिम रूप से एक दूसरे के साथ जोडा जाता है। उसे अलग अलग कर उसके कार्य को समझना सरल होता है। ऐसे प्रत्येक पुर्जे का कार्य समझ कर पूरे यंत्र के कार्य को समझा जा सकता है। व्होल इस सैम ऑफ़ इट्स पार्ट्स (Whole is sum of its parts)

वर्तमान तन्त्रज्ञान दृष्टि की सीमाएं - आरंभिक चिंतन

हम भारतीय दृष्टि का अध्ययन करने के उपरान्त, वर्तमान तंत्रज्ञान दृष्टि एवं भारतीय दृष्टिकोण के बीच में गहराई से विश्लेषण करेंगे । यहाँ हम केवल कुछ बिन्दुओं पर विचार रख रहे हैं।

पश्चिमी विचार में जड को समझने की, यंत्रों को समझने की सटीकता तो है। किन्तु चेतन को नकारने के कारण चेतन के क्षेत्र में इस का उपयोग मर्यादित (लिमिटेड) रह जाता है। परिवर्तन तो जड में ही होता है। लेकिन वह चेतन की उपस्थिति के बिना नहीं हो सकता। इस लिये चेतन का जितना भौतिक हिस्सा है उस हिस्से के लिये साईंस को प्रमाण मानना उचित ही है। इस भौतिक हिस्से के मापन की भी मर्यादा है। जड भौतिक शरीर के साथ जब मन की या आत्म शक्ति जुड जाति है तब वह केवल जड की भौतिक शक्ति नहीं रह जाती। और प्रत्येक जीव यह जड और चेतन का योग ही होता है। इस लिये चेतन के मन, बुद्धि, अहंकार आदि विषयों में फिझिकल साईंस की कसौटीयों को प्रमाण नहीं माना जा सकता। अनिश्चितता का प्रमेय (थियरी ऑफ अनसर्टेंटी), क्वॉटम मेकॅनिक्स, अंतराल भौतिकी (एस्ट्रो फिजीक्स), कण भौतिकी (पार्टिकल फिजीक्स) आदि साईंस की आधुनिक शाखाओं ने देकार्ते के प्रतिमान की मर्यादाएं स्पष्ट कर दीं है।

भारतीय जीवनदृष्टि और इस पर आधारित व्यवहार सूत्र

इस चिंतन के आधार पर भारतीय मनीषियों ने मानव जाति को मार्गदर्शन करने के लिये कुछ व्यवहारसूत्रों की प्रस्तुति की है। यह व्यवहार सूत्र निम्न हैं:

सर्वे भवन्तु सुखिन: सर्वे संतु निरामया:। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुख: माप्नुयात्[citation needed]

भावार्थ - सब सुखी हों। किसी को कोई भी भय ना रहे। सब ओर मंगल हो। किसी को अभद्र का दर्शन ही ना हो। अर्थात् कहीं कोई अभद्र बातें ना हों।

सभी लोग तो कभी भी एक साथ सुखी नही हो सकते। यह कुछ मात्रा में सत्य भी है। हर व्यक्ति भिन्न होता है। फिर सब सुखी कैसे हो सकते है ? ऐसा होने पर भी हमारा लक्ष्य तो सब सुखी हों यही रखना होगा।

दुनिया भर की लोकतांत्रिक सरकारों ने बहुजनहिताय बहुजनसुखाय का व्यावहारिक लक्ष्य रखा है। किंतु उस के परिणाम हम देख रहे है। केवल मुठ्ठीभर लोग ही सुख बटोरते है। बाकी सब दुखदर्द में पिसते रहते है। इसीलिये स्वामी विवेकानंद कहते थे ‘जो आदर्श है उसे ही हमें व्यवहार बनाने के प्रयास करने चाहिये। जब हम व्यावहारिक को ही आदर्श मानने लग जाते है तो पतन प्रारंभ हो जाता है।‘[citation needed]

किसी भी कृति के करने से पूर्व उस में किसी के भी अहित की सारी संभावनाओं को दूर करने के बाद में ही करना चाहिये। आयुर्वेद के एक उदाहरण से इसे हम समझ सकेंगे। पारा यह एक विषैली धातू है। किंतु पारे में औषधि गुण भी है। आयुर्वेद में इसे औषधि के रूप में प्रयोग किया जाता है। किन्तु उस से पूर्व इस के विषैलेपन को पारा-मारण प्रक्रिया से नष्ट किया जाता है। उस के बाद ही वह औषधि बनाने के लिये योग्य बनता है।

महाभारत काल में हम ब्रह्मास्त्र जैसे अति संहारक अस्त्र के बारे में पढते है। किन्तु आज के अणुध्वम जैसा यह तंत्रज्ञान अधूरी स्थिति में व्यवहार में नहीं लाया गया था। ब्रह्मास्त्र का शमन करने का, छोडे हुए ब्रह्मास्त्र को वापस लेने का तंत्र विकसित करने के बाद ही ब्रह्मास्त्र व्यवहार में लाया गया था। साथ ही में अपात्र को ब्रह्मास्त्र ना देने का भी नियम था।

आ नो भद्रा: कृतवो यन्तु विश्वता:[1]

भावार्थ - भद्र या शुभ-ज्ञान संपूर्ण विश्व से हमें मिले।

हमारा जो ज्ञान है वही सर्वश्रेष्ठ है ऐसा अहंकार धार्मिक (भारतीय) मनीषियों ने कभी नही पाला। यहाँ तक कह डाला कि ‘बालादपि सुभाषितं ग्राह्यं’[citation needed]। छोटा बच्चा भी कुछ श्रेष्ठ ज्ञान देता है तो उसे स्वीकार करना चाहिये। बाहर से आनेवाली शीतल और शुद्ध हवा के लिये हम अपने घरों की खिडकियाँ खोलते है।

यहाँ भद्र का अर्थ भी ठीक से समझना होगा। भद्र का अर्थ केवल हमारे हित का है ऐसा नहीं वरन सब के हित का जो है वही भद्र ज्ञान है। और यह सब का हित भी केवल वर्तमान से संबंधित या अल्पावधि के लिये नहीं होकर चिरकाल तक सब के हित का होना आवश्यक है। ऐसे ज्ञान को ही भद्र या शुभ ज्ञान कहा जा सकता है। ऐसा भी हो सकता है की बाहर से आनेवाला ज्ञान सब के हित का ना हो या सब के हित का होनेपर भी चिरंतन हित का ना हो। ऐसी स्थिति में ऐसे ज्ञान को सुधारकर जब तक हम उसे चिरकाल तक सब के हित का नही बना देते उस ज्ञान का उपयोग वर्जित रखें। वह ज्ञान भले ही हमारे हित का हो लेकिन कम से कम उस ज्ञानसे अन्यों का अहित नही होगा यह सुनिश्चित करनेपर ही वह ज्ञान भद्र कहा जा सकेगा।

भद्र ज्ञान के विषय में एक और पहलू भी विचार करने योग्य है। कोई तंत्रज्ञान कुछ मात्रा में तो लाभदायी है और कुछ मात्रा में हानि करनेवाला है। ऐसे तंत्रज्ञान को वह जब तक सब के हित में काम करनेवाला है उस सीमा तक ही उपयोग में लाना होगा। उस से आगे उस का उपयोग वर्जित करना होगा। उदाहरण: संगणक को लें। एक सीमा तक तो संगणक बहुत ही लाभदायक तंत्रज्ञान है। किंतु वह जब मानव के अहित के लिये उपयोग में लाया जाएगा तब उस का उपयोग वर्जित होगा। जिस व्यक्ति या संस्था के पास यह शुभ ज्ञान का विवेक नहीं है ऐसे लोगों को संगणक के ज्ञान से वंचित रखने में ही सब की भलाई होगी।

आत्मनो मोक्षार्थं जगद् हिताय च[2]

मेरे जीवन का लक्ष्य मोक्ष प्राप्ति है। किन्तु जब तक मैं अपने सांसारिक कर्तव्य और लोकहित के संबंध में अपनी भूमिका ठीक से पूरी नहीं करता मुझे मोक्षगामी होने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसी धार्मिक (भारतीय) मान्यता है। स्वामी विवेकानंद कहते थे जबतक मेरे भारत का एक भी व्यक्ति दुख से ग्रस्त है मुझे मोक्ष नहीं चाहिये।

एकं सत् विप्रा: बहुधा वदन्ति[3] / विविधता में एकता

सत्य एक ही है। किन्तु हर व्यक्ति को मिले ज्ञानेंद्रियों की, मन, बुद्धि और चित्त की क्षमताएं भिन्न है। इन साधनों के आधार पर ही कोई मनुष्य सत्य जानने का प्रयास करता है। ये सब बातें हरेक व्यक्ति की भिन्न होने के कारण उस के सत्य का आकलन भिन्न होना स्वाभाविक है

भारतीय विचार कहता है, मैं जो कह रहा हूं केवल वही सत्य है ऐसा समझना ठीक नही है। अन्य लोगों को जो अनुभव हो रहा है वह भी सत्य ही है। भारत मे कभी भी अपने से अलग मत का प्रतिपादन करनेवालों के साथ हिंसा नहीं हुई। किसी वैज्ञानिक को प्रताडित नही किया गया किसी को जीना दुस्सह नहीं किया गया। प्रचलित सर्वमान्य विचारों के विपरीत विचार रखनेवाले चार्वाक को भी महर्षि चार्वाक कहा गया।

भारतीय विचार में अपनी बुद्धि का उपयोग करने को कहा है। आद्य जगद्गुरू शंकराचार्य कहते हैं[citation needed] कि वेद उपनिषद भी चिल्ला चिल्लाकर कहें की अंगारे से हाथ नही जलेंगे तो भी मै नही मानूंगा, क्योंकि मेरा प्रत्यक्ष अनुभव भिन्न है।

पूरा उपदेश देने के बाद श्रीमद्भगवद्गीता में १८ वें अध्याय के ६३ वें श्लोक में श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते है[4]

‘यथेच्छि्स तत: कुरू’। 18.63।

अर्थात् अब जो तुम्हें ठीक लगे वही करो।

स्वामी विवेकानंदजी के शिकागो सर्वधर्मपरिषद में हुए संक्षिप्त और फिर भी विश्वविजयी भाषण में यही कहा गया है। उन्हों ने बचपन से जो श्लोक वह कहते आये थे वही उद्धृत किया था। वह था[5]:

रुचीनां वैचित्र्याद् ऋजुकुटिलनाबापथजुषां।

नृणामेको गम्य: त्वमसि पयसामर्णव इव।।

भावार्थ : समाज में प्रत्येक व्यक्ति को परमात्मा ने बुद्धि का वरदान दिया हुआ है। प्रत्येक की बुद्धि भिन्न होती ही है। किसी की बुद्धि में ॠजुता होगी किसी की बुद्धि में कुटिलता होगी। ऐसी विविधता से सत्य की ओर देखने से हर व्यक्ति की सत्य की समझ अलग अलग होगी। हर व्यक्ति का सत्य की ओर आगे बढने का मार्ग भी भिन्न होगा। कोई सीधे मार्ग से तो कोई टेढेमेढे मार्ग से लेकिन सत्य की ओर ही बढ रहा है। ऐसी हमारी केवल मान्यता नही है वरन् ऐसी हमारी श्रद्धा है[citation needed]

आकाशात् पतितंतोयं यथा गच्छति सागरं।

सर्वदेव नमस्कारं केशवं प्रतिगच्छति।

जिस प्रकार बारिश का पानी धरती पर गिरता है। लेकिन भिन्न भिन्न मार्गों से वह समुद्र की ओर ही जाता है उसी प्रकार से शुद्ध भावना से आप किसी भी दैवी शक्ति को नमस्कार करें वह परमात्मा को प्राप्त होगा।

“विविधता या अनेकता में एकता” यह भारत की विशेषता है। इसका अर्थ यह है कि ऊपर से कितनी भी विविधता दिखाई दे सभी अस्तित्वों का मूल परमात्मा है इस एकमात्र सत्य को जानना। इसलिए भाषा, प्रांत, वेष, जाति, वर्ण आदि कितने भी भेद हममें हैं। भेद होना यह प्राकृतिक ही है। इसी तरह से सभी अस्तित्वों में परमात्मा (का अंश याने जीवात्मा) होने से सभी अस्तित्वों में एकात्मता की अनुभूति होने का ही अर्थ “विविधता या अनेकता में एकता” है। यही भारतीय संस्कृति का आधारभूत सिद्धांत है।

पंच ॠण

ॠण का अर्थ है कर्ज। कृतज्ञता का अर्थ है औरों के द्वारा अपने हित में किये उपकारों को याद रखना। और यथासंभव उस से उतराई होने का प्रयास करना। पशु पक्षियों की स्मृति कम होती है। संवेदनाएं भी कम होती है। बुद्धि और चित्त भी मनुष्य की तुलना में दुर्बल होता है। इसलिये उसे उपकारकर्ता के उपकारों का स्मरण नही रहता। किन्तु मनुष्य के लिये उपकारों का भूलना अच्छी बात नही मानी जाती। वह यदि किये उपकार भूल जाता है तो उसे कृतघ्न कहा जाता है। कृतघ्नता को मनुष्यता का लक्षण नही माना जाता।

हम जब जन्म लेते है और आगे जीवन जीते है तो कई घटकों से हम मदद पाते है। इन घटकों का वर्गीकरण हमारे पूर्वजों ने पाँच प्रमुख हिस्सों में किया है। वे हैं भूतॠण, पितरॠण, ॠषिॠण, समाजॠण या नृॠण और देवॠण

पितर ॠण

हमारे पितरजनों ने संतति निर्माण की इसलिये हमारा जन्म हुआ है। इसलिये हम उन पितरों के ॠणी हैं। श्रेष्ठ संतति माँ-बाप का नाम ऊंचा करती है। पितरों के ॠण से उॠण होने का अर्थ है, ओजवान, तेजवान, प्रतिभावान, मेधावान, क्षमतावान, विनयवान, चारित्र्यवान और बलवान संतति को जन्म देना।

भूतॠण

यह शरीर पंचमहाभूतों से बना है। इस का रक्षण और पोषण भी पंचमहाभूतों के कारण ही हो पाता है। हमारी सभी भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति इन पंचमहाभूतों के ही कारण हो पाती है। यह पंचमहाभूत स्वच्छ, शुद्ध और पर्याप्त होने के कारण ही हम अच्छा शरीर और पोषण प्राप्त कर सके हैं और प्राप्त करते रहेंगे। इन पंचमहाभूतों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य बनता है। ये स्वच्छ रहें, शुद्ध रहें, पर्याप्त रहें यह देखना व्यक्तिश: हमारी जिम्मेदारी बनती है। ऐसा करने से ही हम इन के ॠण से उॠण हो पाएंगे। वर्तमान में पर्यावरण प्रदूषण के विषय में कुछ जागृति आई है। अच्छा ही है।

गुरूॠण / ॠषिॠण

गुरू या ॠषि का अर्थ है जिन जिन लोगों से हम कुछ भी सीखे है या जिन से हमने ज्ञान प्राप्त किया है वे सब। गर्भ में हमारी जीवात्मा प्रवेश करती है तब से लेकर हमारी मृत्यू तक अन्यों से हम कुछ ना कुछ सीखते ही रहते है। इस अर्थ से ये सब, जिनसे हमने कुछ सीखा होगा हमारे गुरू है। इन के हमारे उपर महति उपकार है। गुरूॠण से उॠण होने का अर्थ है औरों से प्राप्त ज्ञान को परिष्कृत कर अपने तप-स्वाधाय से उसे बढ़ाकर, अधिक श्रेष्ठ बनाकर अगली पीढ़ी तक पहुँचाना ।

समाजॠण / नृॠण

मनुष्य और पशु में बहुत अंतर होता है। पशु सामान्य तौर पर व्यक्तिगत जीवन ही जीते है। समुदाय में रहनेवाले हाथी जैसे पशु भी सुविधा के लिये समूह में रहते है। किन्तु उन का व्यवहार व्यक्तिगत ही होता है। मानव की बात भिन्न है। मानव बिना समाज के जी नही सकता। इसीलिये मानव को सामाजिक जीव कहा जाता है। मनुष्य की इच्छाएं अमर्याद होतीं है। इन इच्छाओं के अनुरूप मानव की आवश्यकताएं भी अनगिनत होतीं हैं। इन सब आवश्यकताओं की पूर्ति अकेले मानव के बस की बात नही है। उसे समाज की मदद लेनी ही पडती है। इस मदद के कारण मनुष्य समाज का ॠणी बन जाता है। और जब ॠणी बन जाता है तो उॠण होना भी उस की एक आवश्यकता है।

समाज के ॠण से मुक्ति केवल अपना काम ठीक ढंग से करने से नही होती। वह तो करना ही चाहिये। किन्तु साथ में ही समाज के उन्नयन के लिये ज्ञानदान, समयदान और धनदान करना भी आवश्यक बात है। इन के बिना मनुष्य की अधोगति सुनिश्चित ही माननी चाहिये। जनहित के काम करने से, उन में योगदान देने से ही इस ॠण से उॠण हो सकते है।

देवॠण

देव शब्द दिव धातु से बना है। दिव से तात्पर्य है दिव्यता से। सृष्टि में ऐसे देवता हैं, जिनके बिना सृष्टि चल नहीं सकती। वायु, अग्नि, पृथ्वी, वरुण, इंद्र आदि ये देवता हैं। वेदों में इन्हें देवता कहा गया है। जिनमें विराट शक्ति है और जो अपनी शक्तियों को मुक्तता से बांटते रहते हैं।

इन देवताओं के ऋण से मुक्ति यज्ञ के द्वारा होती है। अग्निहोत्रों से होती है। यज्ञ के कारण इन देवताओं की पुष्टि होती है। इनके पुष्ट होने से तात्पर्य है इनका प्रदूषण दूर होना। इनका प्रदूषण दूर होने से मनुष्य और समाज का भी भला होता है।

चतुर्विध पुरुषार्थ

पुरुषार्थ शब्द आते ही पुरुष प्रधानता का संशय संशयात्माओं को आने लगता है। धार्मिक (भारतीय) प्राचीन साहित्य में पुरुष शब्द के अर्थ में पुरुष और स्त्री दोनों का समावेष होता है। धार्मिक (भारतीय) वर्तनसूत्रों में चार पुरुषार्थों का महत्वपूर्ण स्थान है। यह पुरुषार्थ है धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष। काम का अर्थ है कामनाएं, इच्छाएं। और अर्थ से तात्पर्य है इन इच्छाओं की पूर्ति के लिये किये प्रयासों से। इच्छाएं नही होंगी तो जीवन थम जाएगा। और इच्छाओं की पूर्ति के लिये प्रयास नही होंगे तो भी जीवन चलेगा नही। जीने के लिये हवा, पानी और सूर्य प्रकाश तो सहज ही उपलब्ध है। किन्तु मनुष्य की अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति तो प्रयासों से ही हो सकती है। इसलिये इच्छाओं को भी पुरुषार्थ कहा गया है। इसलिये अर्थ और काम इन दोनों को पुरुषार्थ कहा गया है। मनुष्य की इच्छाएं अमर्याद होती है। यह सभी को ज्ञात है। कुछ इच्छाएं धर्म के अनुकूल होती है। कुछ इच्छाएं धर्म के प्रतिकूल भी होती है। इन इच्छाओं की पूर्ति के प्रयास भी विविध मार्गों से किये जाते है। इन में कुछ धर्म से सुसंगत होते है। और कुछ धर्म विरोधी भी होते है। कामनाओं को और उन की पूर्ति के लिये किये गये प्रयत्नों को, दोनों को ही धर्म के दायरे में रखना आवश्यक होता है। ऐसा करने से मनुष्य का अपना जीवन और जिस समाज का वह हिस्सा है वह समाज जीवन दोनों सुचारू रूप से चलते है। वास्तव में इन पुरुषार्थो में प्रारंभ तो काम पुरुषार्थ से होता है। उस के बाद अर्थ पुरुषार्थ आता है। किन्तु धर्म पुरुषार्थ को क्रम में सर्वप्रथम स्थानपर रखने का कारण यही है कि सर्वप्रथम धर्मानुकूलता की कसौटी पर इच्छाओं की परीक्षा करो, उन में से धर्मविरोधी इच्छाओं का त्याग करो। केवल धर्मानुकूल इच्छाओं की पूर्ति के प्रयास करो। इसी प्रकार इच्छापूर्ति के प्रयासों में भी अर्थात् अर्थ पुरुषार्थ के समय भी धर्म के अनुकूल प्रयास ही करो। धर्मविरोधी प्रयासों का त्याग करो।

मनुस्मृति में (6-176) मे यही कहा है[6]

परित्यजेदर्थकामौ यास्यातां धर्मवर्जितौ ।। 6-176 ।।

श्रीमद्भगवद्गीता में भी श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते है। धर्म का अविरोधी काम मैं ही हूं। मोक्ष पुरुषार्थ तो ऐसा करने से अनायास ही प्राप्त होता है। वैसे भी सामान्य मनुष्य के लिये मोक्ष पुरुषार्थ बहुत महत्वपूर्ण नहीं है। वह तो जब सामान्य मनुष्य मानसिक, बौद्धिक और चैतसिक विकास कर मुमुक्षु पद प्राप्त कर लेता है तब उस में मोक्षप्राप्ति की कामना जागती है। ऐसे मुमुक्षु लोगों के लिये मोक्ष पुरुषार्थ की योजना है। अन्यों के लिये तो धर्म, अर्थ और काम इस त्रिवर्ग का ही महत्व है।

काम और अर्थ पुरुषार्थ

काम पुरुषार्थ अर्थात् धर्मानुकूल कामनाएं। धर्मसुसंगत इच्छाएं और आकांक्षाएं। सभी इच्छाओं को पुरुषार्थ नही कहा जाता। सामान्यत: पुत्रेषणा अर्थात् मै श्रेष्ठ बच्चों को जन्म दूं। वित्तेषणा अर्थात् मै अकूत धन कमाऊं। और लोकेषणा अर्थात् लोग मेरी सराहना करें। मेरा आदर सम्मान करें। ऐसी तीन प्रमुख इच्छाएं तो हर व्यक्ति के मन में होती ही है। किंतु केवल ऐसी इच्छा पुरुषार्थ नहीं कहलातीं। श्रेष्ठ पुत्र/पुत्री की प्राप्ति के लिये मेरा विवाह श्रेष्ठ सुशील कन्या से हो ऐसी इच्छा करना तो ठीक है। काम पुरुषार्थ ही है। किन्तु ऐसी किसी श्रेष्ठ पराई स्त्री के या जो मेरे साथ विवाह के लिये तैयार नही है ऐसी कन्या के साथ मै बलपूर्वक विवाह करने की इच्छा करूं तो यह धर्म का विरोध करनेवाली इच्छा है और यह काम पुरुषार्थ नही काम पुरुषार्थ के विरोधी इच्छा मानी जाएगी। ऐसी इच्छा को अकरणीय माना गया है।

अर्थ पुरुषार्थ अर्थात् धर्मानुकूल कामनाओं की पूर्ति के लिये किये गये धर्मानुकूल प्रयास। अर्थ पुरुषार्थ के लिये केवल प्रयासों का धर्मानुकूल होना पर्याप्त नहीं है। इच्छाएं भी धर्मानुकूल होना अनिवार्य है। तब ही वह प्रयास पुरुषार्थ कहलाया जा सकेगा। ऊपर हमने देखा कि श्रेष्ठ सुशील स्त्री से विवाह की कामना तो धर्मानुकूल ही है। इस इच्छा की पूर्ति के लिये जब मै अपने ओज, तेज, बल, विक्रम, शील, विनय आदि गुणों से ऐसी कन्या को प्रभावित कर मेरे साथ विवाह के लिये उद्यत करता हूं तब वह धर्मानुकूल अर्थ पुरुषार्थ कहता है।

परोपकाराय पुण्याय पापाय परपीडनम्[citation needed]

सत्कर्म और दुष्कर्म की इतनी सरल और सटीक व्याख्या शायद ही किसी ने की होगी।

संत तुलसीदासजी कहते है - परहित सरिस पुण्य नही भाई परपीडा सम नही अधमाई। तो संत तुकाराम कहते है पुण्य पर उपकार पाप ते परपीडा। मैने यदि अत्याचार किये तो आज नहीं कल, इस जन्म में नही तो अगले जन्मों में मुझे भी दण्ड मिलेगा ऐसी धार्मिक (भारतीय) समाज की श्रद्धा है। इस श्रद्धा के कारण ही किसी भी (सम्राट अशोक का अपवाद छोडकर) धार्मिक (भारतीय) राजा या सम्राट ने विजित राज्य की जनता पर कभी अत्याचार नहीं किये। किन्तु इहवादी धार्मिक (भारतीय) अर्थात् जो पुनर्जन्म या कर्मसिद्धांत पर विश्वास नहीं करते और अभारतीयों की बात भिन्न है।

मेरे इस जन्म से पहले मै नहीं था और ना ही मेरी मृत्यू के बाद मै रहूंगा, ऐसा ये लोग समझते है। इन्हें इहवादी कहा जाता है। ऐसे लोग दुर्बल लोगों को, जो पलटकर उन के द्वारा दी गई पीडा का उत्तर नहीं दे सकते, ऐसे लोगों को पीडा देने में हिचकिचाते नहीं है। योरप के कई समाजों ने जैसे स्पेन, पुर्तगाल, इटली, फ्रांस, इंग्लंड आदि ने विश्वभर में उपनिवेश निर्माण किये थे। यह सब ये समाज इसलिये कर पाए और किया क्योंकि इन की मान्यता इहवादी थी। ऐसा करने में इन्हें कोई पापबोध नहीं हुआ। इन्ही को भौतिकतावादी भी कहते है। जो यह मानते हैं की जड़ के विकास में किसी स्तर पर अपने आप जीव का और आगे मनुष्य का निर्माण हो गया। ऐसे लोग पाप-पुण्य को नहीं मानते।

परोपकाराय फलन्ति वृक्ष:। परोपकारार्थ वहन्ति नद्य:।।[citation needed]

परोपकाराय दुहन्ति गाव:। परोपकारार्थमिदं शरीरम्।।

प्रकृति के सभी अंश निरंतर परोपकार करते रहते है। पेड फल देते हैं। नदियाँ जल देतीं हैं। गाय दूध देती है। मैं तो इन सब से अधिक चेतनावान हूं, बुद्धिमान हूं, क्षमतावान हूं। इसलिये मुझे भी अपनी शक्तियों का उपयोग लोगों के उपकार के लिये ही करना चाहिये। यह है धार्मिक (भारतीय) विचार।

धार्मिक (भारतीय) मान्यता के अनुसार तो पाप और पुण्य दोनों ही मन, वचन ( वाणी ) और कर्म ( कृति ) इन तीनों से होते है। और इन तीनों के पाप के बुरे और पुण्य के अच्छे फल मिलते हैं। मन में भी किसी के विषय में बुरे विचार आने से पाप हो जाता है। और उस का मानसिक क्लेष के रूप में फल भुगतना पडता है। हमारे बोलने से भी यदि किसी को दुख होता है तो ऐसे ही दुख देनेवाले वचन सुनने के रूप में हमें इस पाप का फल भोगना ही पडता है। कृति तो प्रत्यक्ष शारीरिक पीडा देनेवाला कार्य है। उस का फल शारीरिक दृष्टि से भोगना ही पडेगा। आगे कर्मसिद्धांत में हम इस की अधिक विवेचना करेंगे।

यहाँ अपराध और पाप इन में अंतर भी समझना आवश्यक है। वर्तमान कानून के विरोधी व्यवहार को अपराध कहते है। ऐसी कृति से किसी को हानि होती हो या ना होती हो वह अपराध है। और प्रचलित कानून की दृष्टि से दंडनीय है। किंतु हमारी कृति से जब तक किसी को दुख नहीं होता, किसी की हानि नहीं होती तब तक वह पाप नहीं है। धार्मिक (भारतीय) सोच में कानून को महत्व तो है किन्तु उस से भी अधिक महत्व पाप-पुण्य विचार को है।

तेन त्यक्तेन भुञ्जिथा[7] अर्थात् संयमित उपभोग :

अष्टांग योग में पांच यमों का वर्णन है। सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य। ये वे पाँच यम है। यम सामाजिक स्तरपर पालन करने के लिये होते है। इन में अपरिग्रह का अर्थ है अपने उपभोग के लिये उपयोगी वस्तुओं का अपनी आवश्यकताओं से अधिक संचय नहीं करना। कोई यदि उस की आवश्यकता से अधिक संचय और उपभोग करता है तो वह चोरी करता है ऐसी धार्मिक (भारतीय) मान्यता है। यह धार्मिक (भारतीय) मान्यता थोडी कठोर लगती है। किन्तु इस तत्व में संसार की एक बहुत बडी समस्या का समाधान छुपा हुआ है। वर्तमान अर्थशास्त्रीयों के समक्ष सब से बडी अनुत्तरित समस्या यह है की प्रकृति मर्यादित है और मनुष्य की (इच्छाएं) अमर्याद हैं। मर्यादित प्रकृति से अमर्याद इच्छाओं की पूर्ति संभव नहीं है। और यह गणित यदि नहीं बिठाया गया तो पूरा विश्व संसाधनों की लडाई में नष्ट हो जाएगा। तेल पर अधिकार प्राप्त करने के लिये अमरीका के इराक पर हुए हमले से यही सिद्ध हुआ है। लेकिन पाश्चात्य विकास की कल्पना में आज किये गए वस्तु और सेवाओं के उपभोग से अगले दिन अधिक उपभोग को ही विकास माना जाता है। इस विकास कल्पना ने प्राकृतिक संसाधनों की मर्यादितता का संकट खडा कर दिया है। और दुर्भाग्य से भारत जैसे ही अन्य विश्व के लगभग सभी देशों के अर्थशास्त्रीयों ने भी इसी विकास कल्पना को और इस आत्मघाती अर्थशास्त्र को अपना लिया है। इस कारण यह संकट अब गंभीरतम बन गया है।

इस समस्या का बुद्धियुक्त उत्तर ईशावास्योपनिषद में मार्गदर्शित ' तेन त्यक्तेन भुञ्जिथा ' अर्थात् ' संयमित उपभोग ' से ही मिल सकता है। जब तक उपभोग को नियंत्रण में नहीं रखा जाएगा, न्यूनतम नहीं रखा जाएगा और आज है उसे भी न्यून करने के प्रयास नहीं किये जाएंगे, इस समस्या का समाधान नही मिल सकता।

यत् पिंडे तत् ब्रह्मांडे

जैसी रचना अणु की है वैसी ही रचना सौरमंडल की है। जिस प्रकार से अणु में एक केंद्र्वर्ती पदार्थ होता है उसी तरह सौरमंडल में सूर्य होता है। अणु में ॠणाणू केंद्रक के इर्दगिर्द एक निश्चित कक्षा में घूमते है। सौरमंडल में भी विभिन्न ग्रह सूर्य के इर्दगिर्द अपनी अपनी विशिष्ट कक्षा में घूमते है। चावल से भात बन गया है या कच्चा है यह पकाए गए भात के एक कण को जाँचने से पता चल जाता है। एक चावल जितना पका होगा उतने ही अन्य चावल भी पके होते है। एक जीव में जो विभिन्न प्रणालियाँ काम करती है वैसी ही सभी जीवों में काम करती है। एक मनुष्य की आवश्यकताओं से अन्य मनुष्यों की आवश्यकता का अनुमान लगाया जा सकता है। ऐसी लम्बी सूची बनाई जा सकती है।

किन्तु इस तत्व को महत्व मिलने का कारण है। वह है समाजशास्त्रीय प्रयोग अत्यंत धीमी गति से होते है। एक साथ बडे प्रमाण में उन्हें करना संभव भी नहीं होता। इसलिये नमूने के तौर पर एक छोटी ईकाई लेकर प्रयोग किये जाते है। अन्य ईकाईयों में जो संभाव्य अंतर है उसे ध्यान में लिया जाता है। अंत में प्रयोग को बडे स्तर पर किया जाता है। छोटी ईकाई का प्रयोग जितनी गहराई और व्यापकता के साथ किया होगा उसी के प्रमाण में बडे स्तर पर परिणाम मिलेंगे।

जैसे कुटुंब चलता है कौटुंबिक भावना के आधार पर। अब यदि यही कौटुंबिक भावना ग्राम स्तर पर विकसित करना हो तो क्या करना होगा। इस प्रश्न का उत्तर यत् पिंडे तत् ब्रह्मांडे के सुयोग्य उपयोजन से मिल सकेगा। इसी के आधारपर ही तो हमारे पूर्वजों ने वसुधैव कुटुंबकम् के लिये प्रयास किये थे।

अपने कर्तव्य और औरों के अधिकारों के लिये प्रयास

कर्तव्य और अधिकार यह दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू है। सिक्के का एक पक्ष है मेरे कर्तव्य लेकिन दूसरा पक्ष मेरे अधिकार नहीं है। वह है अन्यों के अधिकार। इसीलिये धार्मिक (भारतीय) विचारों में बल कर्तव्यों की पूर्ति के प्रयासों पर है जबकि अधार्मिक (अभारतीय) यूरो अमरीकी विचार में अधिकारों के लिये प्रयास या संघर्ष पर बल दिया गया है। केवल इतने मात्र से प्रत्यक्ष परिणामों में आकाश-पाताल का अंतर आ जाता है।

वास्तव में मानव का समाज में शोषण हो रहा हो तो मानव के कर्तव्यों पर बल देना चाहिये था। स्त्री को समाज में उचित स्थान नहीं मिलता हो तो पुरुषों के स्त्री के प्रति कर्तव्यों पर बल देने की आवश्यकता थी। और बच्चों को यथोचित शिक्षा और सम्हाल नहीं मिलती हो ऐसा हो तो माता-पिता का प्रशिक्षण, आर्थिक दृष्टि से सबलीकरण, समाज में सामाजिक कर्तव्यबोध को जगाने के प्रयास होने चाहिये। जब कोई व्यक्ति अपने हर प्रकार के कर्तव्यों को पूरा करता है तो अन्य लोगों के अधिकारों की रक्षा तो अपने आप ही होती है। माता-पिता अपने बच्चों के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा कर दें तो बच्चों के अधिकारों के लिये हो-हल्ला करने की कोई आवश्यकता नहीं रह जाती।

वसुधैव कुटुंबकम्

कुटुंब

भारतीय एकत्रित परिवार आज भी विदेशी लोगों के लिये आकर्षण का विषय है। बडी संख्या में वर्तमान जीवनशैली और वर्तमान शिक्षा के कारण टूट रहे यह परिवार अब तो भारतीयों के भी चिंता और अध्ययन का विषय बन गये है।

अंग्रेजी में एक काहावत है ' क्राईंग चाईल्ड ओन्ली गेट्स् मिल्क् ' अर्थात् यदि बच्चा भूख से रोएगा नही तो उसे दूध नहीं मिलेगा। इस कहावत का जन्म उन के अधिकारों के लिये संघर्ष के वर्तनसूत्र में है। अन्यथा ऐसी कोई माँ (अंग्रेज भी) नहीं हो सकती जो बच्चा रोएगा नहीं तो उसे भूखा रखेगी।

स्त्री परिवार व्यवस्था का आधारस्तंभ है। घर के मुख्य स्त्री की भूमिका घर में अत्यंत महत्वपूर्ण है। वह ठीक रहेगी तो वह घर कुटुंब बनता है। स्त्री को सम्मान से देखना और उस के अनुसार व्यवहार करना हर कुटुंब के लिये अनिवार्य ऐसी बात है। वेसे तो घर में स्त्री की भिन्न भिन्न भूमिकाएं होतीं है। किन्तु इन सब में माता की भूमिका ही स्त्री की प्रमुख भूमिका मानी गई है। उसे विषयवासणा का साधन नहीं माना गया है। वह क्षण काल की पत्नी और अनंत काल की माता मानी जाती है। इसीलिये स्त्री को जिस घर में आदर, सम्मान मिलता है और जिस घर की स्त्री ऐसे आदर सम्मान के पात्र होती है वह घर कुटुंब बन जाता है।

बच्चा जब पैदा होता है तो उसे केवल अपनी भूख और अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति होनी चाहिये। इतनी ही समझ होती है। वह केवल अपने लिये जीनेवाला जीव होता है। परिवार उसे सामाजिक बनाता है। पैवार उसे केवल अपने हित की सोचनेवाले अर्भक को संस्कारित कर उसे अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठाकर, केवल अपनों के लिये जीनेवाला घर का मुखिया बना देता है।

हमारे पूर्वजों ने बहुत सोच समझकर, परिश्रमपूर्वक परिवार व्यवस्था का निर्माण किया था। केवल व्यवस्था ही निर्माण नहीं की तो उसे पूर्णत्व की स्थितितक ले गये। उस व्यवस्था में ही ऐसे घटक विकसित किये जो उस व्यवस्था को बनाए भी रखते थे और बलवान भी बनाते थे। इसीलिये धार्मिक (भारतीय) परिवार व्यवस्था कालजयी बनी है। इस कुटुंब व्यवस्था के कुछ महत्वपूर्ण विशेष निम्न हैं:

  • सुसंस्कृत, सुखी, समाधानी और सामाजिक सहनिवास के संस्कारों की व्यवस्था
  • सामान्य ज्ञान एका पीढी से अगली पीढी तक संक्रमित करने की व्यवस्था
  • अपने परिवार की विशेषताएं जैसे ज्ञान, अनुभव और कुशलताएं एक पीढी से दुसरी पीढी को विरासत के रूप में संक्रमित करने की व्यवस्था
  • कुटुंब प्रमुख परिवार के सब के हित में जिये ऐसी मानसिकता। और केवल जिये इतना ही नहीं अपितु परिवार के सभी घटकों को मनपूर्वक लगे भी यह महत्वपूर्ण बात है।
  • जो कमाएगा वह खिलाएगा और जो जन्मा है वह खाएगा।
  • अपनी क्षमता के अनुसार पारिवारिक जिम्मेदारी उठाना परिवार की समृध्दि बढाने में योगदान देना और परिवार के साझे संचय में से न्यूनतम का उपयोग करना। इसी व्यवहार के कारण देश समृध्द था।
  • बडों का आदर करना, छोटों को प्यार देना, अतिथि का सत्कार करना, स्त्री का सम्मान करना, परिवार के हित में ही अपना हित देखना, अपनों के लिये किये त्याग के आनंद की अनूभूति, घर के नौकर-चाकर, भिखारी, मधुकरी माँगनेवाले, पशु, पक्षी, पौधे आदि परिवार के घटक ही हैं, इस प्रकार उन सब से व्यवहार करना आदि बातें बच्चे परिवार में बढते बढते अपने आप सीख जाते थे।
  • मृत्यू का डर बताकर बीमे के दलाल कहते है की ‘आयुर्बीमा का कोई विकल्प नही है’। किन्तु बडे परिवार के किसी भी घटक को आयुर्विमा की कोई आवश्यकता नहीं होती। आपात स्थिति में पूरा परिवार उस घटक का केवल आर्थिक ही नहीं, भावनात्मक और शारिरिक बोझ भी सहज ही उठा लेता है। इस भावनात्मक सुरक्षा के लिये आयुर्बीमा में कोई विकल्प नहीं है।
  • अनाथालय, विधवाश्रम, वृध्दाश्रम आदि की आवश्यकता वास्तव में समाज जीवन में आई विकृतियों के कारण है। इन सब समस्याओं की जड़ तो अधार्मिक (अभारतीय) जीवनशैली में है। टूटते घरों में है। टूटती ग्रामव्यवस्था और ग्रामभावना में है।
  • आर्थिक दृष्टि से देखें तो विभक्त परिवार को उत्पादक अधिक आसानी से लुट सकते है। विज्ञापनबाजी का प्रभाव जितना विभक्त परिवार पर होता है एकत्रित परिवार पर नहीं होता है।
  • एकत्रित परिवार एक शक्ति केंद्र होता है। अपने हर सदस्य को शक्ति और आत्मविश्वास देता है। विभक्त परिवार से एकत्रित परिवार के सदस्य का आत्मविश्वास बहुत अधिक होता है। पूरे परिवार की शक्ति मेरे पीछे खडी है ऐसी भावना के कारण एकत्रित परिवार के सदस्य को यह आत्मविश्वास प्राप्त होता है। इस संदर्भ में एक मजेदार और मार्मिक ऐसी दो पंक्तियाँ हिंदी प्रदेश में सुनने में आती है। जा के घर में चार लाठी वो चौधरी जा के घर में पाँच वो पंच। और जा के घर में छ: वो ना चौधरी गणे ना पंच ॥ अर्थात् जिस के एकत्रित परिवार में चार लाठी यानी चार मर्द हों वह चौधरी याने लोगों का मुखिया बन जाता है। जिस के घर में पाँच मर्द हों वह गाँव का पंच बन सकता है। और जिस के घर में छ: मर्द हों उस के साथ तो गाँव का चौधरी और गाँव का पंच भी उस से सलाह लेने आता है।
  • एकत्रित परिवार का प्रतिव्यक्ति खर्च भी विभक्त परिवार से बहुत कम होता है। सामान्यत: विभक्त परिवार का खर्च एकत्रित परिवार के खर्चे से डेढ़ गुना अधिक होता है।
  • वर्तमान भारत की तुलना यदि ५० वर्ष पूर्व के भारत से करें तो यह समझ में आता है कि ५० वर्ष पूर्व परिवार बडे और संपन्न थे। उद्योग छोटे थे। उद्योगपति अमीर नहीं थे। किन्तु आज चन्द उद्योग बहुत विशाल और उद्योजक अमीर बन बैठे हैं। परिवार छोटे और उद्योगपतियों की तुलना में कंगाल या गरीब बन गये है। चंद उद्योगपति और राजनेता अमीर बन गये है। सामान्य आदमी ( देश की आधी से अधिक जनसंख्या ) गरीबी की रेखा के नीचे धकेला गया है।

८.२ ग्रामकुल

अपने पूर्वजों ने समाज व्यवस्था की दृष्टि से केवल परिवार व्यवस्था का ही निर्माण किया था ऐसा नहीं। श्रेष्ठ ग्रामकुल की रचना भी की थी। महात्मा गांधीजी के अनुयायी धर्मपालजी द्वारा लिखे १८ वीं सदी के भारत के गाँवों की जानकारी से यह पता चलता है की धार्मिक (भारतीय) गाँव भी पारिवारिक भावना से बंधे हुए थे। परिवार की ही तरह गाँवों की भी व्यवस्थाएं बनीं हुई थीं। जैसे परिवार के लोग एक दूसरे से आत्मीयता के धागे से बंधे होते है उसी प्रकार से गाँव के लोग भी आत्मीयता के धागे से बंधे हुए थे। इस गाँव में हमारे गाँव की बिटिया ब्याही है। मै यहाँ पानी नहीं पी सकता ऐसा कहनेवाले कुछ लोग तो आज भी हिंदीभाषी गाँवों मे मिल जाते है। परिवार में जैसे पैसे के लेनदेन से व्यवहार नहीं होते उसी प्रकार गाँव में भी नहीं होते थे। गाँव के प्रत्येक मानव, जीव, जन्तु के निर्वाह की व्यवस्था बिठाई हुई थी। और निर्वाह भी सम्मान के साथ। परिवार का कोई घटक परिवार को छोड अन्यत्र जाता है तो जैसे परिवार के सभी लोगों को दुख होता है। उसी तरह कोई गाँव छोडकर जाता था तो गाँव दुखी होता था। मिन्नतें करता था। उस के कष्ट दूर करने की व्यवस्थाएं करता था। लेकिन ये बातें अंग्रेजी शिक्षा प्राप्त लोगों की समझ से परे है। जब उन के आका अंग्रेज इस व्यवस्था को नहीं समझ सके तो उन के चेले क्या समझेंगे?

८.३ वसुधैव कुटुंबकम्

अयं निज: परोवेत्ति गणना लघुचेतसाम्[citation needed]

उदार चरितानां तु वसुधैव कुटुंबकम्

भावार्थ : यह मेरा यह पराया यह तो संकुचित मन और भावना के लक्षण है। जिन के हृदय बडे होते है, मन विशाल होते है उन के लिये तो सारा विश्व ही एक परिवार होता है। ऐसा विशाल मन और हृदय रखनेवाला मानव समाज बनाने की आकांक्षा और प्रयास हमारे पूर्वजों ने किये। वास्तव में एकत्रित परिवार जिस भावना और व्यवहारों के आधारपर सुव्यवस्थित ढॅग़ से चलता है उसी प्रकार पूरा विश्व भी चल सकता है। यह विश्वास और ऐसा करने की सामर्थ्य हमारे पूर्वजों में थी। यह बात आज भी असंभव नहीं है। वैसी दुर्दमनीय आकांक्षा और तप-सामर्थ्य हमें जगाना होगा।

वैश्वीकरण की पाश्चात्य घोषणाएं तो बस एक दिखावा और छलावा मात्र है। जिन समाजों में पति-पत्नि एक छत के नीचे उम्र गुजार नही सकते उन्हे हम भारतीयों को सीखाने का कोई अधिकार नहीं है। वसुधैव कुटुंबकम् कैसे होगा यह हम उन्हें सिखाएंगे।

९. कृतज्ञता

पाश्चात्य समाजों में कृतज्ञता व्यक्त करने की पध्दति धार्मिक (भारतीय) पध्दति से भिन्न है। किसी से उपकार लेनेपर थँक यू और किसी को अपने कारण तकलीफ होनेपर सॉरी ऐसा तुरंत कहने की पाश्चात्य पध्दति है। इतना संक्षेप में कृतज्ञता या खेद व्यक्त करके विषय पूरा हो जाता है। दूसरे ही क्षण वह जिस बात के लिये थँक यू कहा है या सॉरी कहा है उसे भूल जाता है। दूसरे ही क्षण से उस के लिये वह उपकार का या पश्चात्ताप का विषय नहीं रह जाता।

धार्मिक (भारतीय) मान्यताओं में इस से बहुत अधिक गंभीरता से इस बात का विचार किया गया है। केवल एक दो शब्दों से किये उपकार का प्रतिकार नही हो सकता। या दिये दुख को नि:शेष नहीं किया जा सकता। यह तो प्रत्यक्ष कृति से ही दिया जाना चाहिये। इसलिये जरा जरा सी बातपर थँक यू या सॉरी कहने की प्रथा धार्मिक (भारतीय) समाज में नही है। पश्चिमी शिक्षा के प्रभाव में पश्चिमी तौर तरीकों का अंधानुकरण हो ही रहा है। इस के फलस्वरूप 'आप को मेरे कारण तकलीफ हुई। मान लिया ना ! और सॉरी कह दिया ना। अब क्या ‘मेरी जान लोगे’ ऐसा कहनेवाले धार्मिक (भारतीय) भी दिखाई देने लगे है। इसलिये कृतज्ञता के संबंध में धार्मिक (भारतीय) सोच का अधिक अध्ययन कर उसे व्यवहार में लाने की आवश्यकता है।

कृतज्ञता यह मनुष्य का लक्षण है। कृतज्ञता का अर्थ है किसी ने मेरे उपर किये उपकार का स्मरण रखना और उस के उपकार के प्रतिकार में उसे जब आवश्यकता है ऐसे समय उसपर उपकार करना। पशुओं में कृतज्ञता का अभाव ही होता है। शेर और उसे जाल में से छुडाने वाले चूहे की कथा बचपन में बच्चों को बताना ठीक ही है। किन्तु कृतज्ञता की भावना मन में गहराई तक बिठाने के लिये, बडे बच्चों को भी इस विषय की सुधारित कथा बताने की आवश्यकता है।

यह सुधारित कथा ऐसी है। शेर के उपकारों को स्मरण कर चूहे ने शेर जिस जाल में फँसा था उसे काटा। इस से वह शेर ने चूहे को दिये जीवनदान के उपकार से मुक्त हो गया। यहाँ तक छोटे बच्चों के लिये ठीक है। बडे बच्चों की सुधारित कहानी में शेर चुहे का बहुत बडा गौरव करता है। चूहा विनम्रता से कहता है ‘शेर द्वारा मेरे उपर किये उपकार के कारण मैने यह कृतज्ञता के भाव से किया है। इस में मेरा कोई बडप्पन नहीं है ‘। इस पर शेर कहता है देखो यह कहानी मानव जगत की है। पशु जगत की नहीं है। मानव समाज में तो कृतज्ञता का भाव एक सहज स्वाभाविक बात मानी जाती है। किन्तु पशु जगत में तो ऐसी कोई परंपरा या नियम नहीं है। इस लिये मैने तुम्हें विशेष सम्मानित किया है। तात्पर्य यह है कि जो मनुष्य अपने पर किये उपकारों को भूल जाता है, या स्मरण होकर भी उन उपकारों से उॠण होने के लिये प्रयास नहीं करता वह मनुष्य नहीं पशु ही है।

९.१ पंच ॠण

ॠण कल्पना भी मानव मात्र को सन्मार्गपर रखने के लिये हमारे पूर्वजोंद्वारा प्रस्तुत किया गया एक जीवनदर्शन है। ॠण का अर्थ है कर्जा। किसी द्वारा मेरे ऊपर किये उपकार का बोझ। पशु, पक्षी, प्राणी, कीटक आदि जीवों की स्मृति, संवेदनशीलता, बुद्धि का विकास अत्यंत अल्प होता है। इस कारण से इन में ना ही किसी पर उपकार करने की भावना रहती है और ना ही किसी के उपकार से उॠण होने की। इसलिये पशु, पक्षी, प्राणी, कीटक इन सभी के लिये कृतज्ञता या उपकार से उॠण होना आदि बातें लागू नहीं है। मानव की यह सभी क्षमताएं अति विकसित होती है। इसलिये मानव के लिये उपकारों से उॠण होना आवश्यक माना गया है। मनुष्य जन्म लेता है एक अर्भक के रूप में। अर्भकावस्था में वह पूर्णत: परावलंबी होता है। अन्यों की मदद के बिना वह जी भी नहीं सकता। उस के माता-पिता, पंचमहाभूतों से बने हवा-पानी, बिस्तर आदि, पडोसी, वप्रद्य, औषधि बनानेवाले उत्पादक, दुकानदार, विक्रेता, आदि अनंत प्रकार के लोगों के प्रत्यक्षा या अप्रत्यक्ष सहयोग के अभाव में भी बच्चे का जीना संभव नहीं है। जन्म से पूर्व भी माता-पिता के माता-पिता और उन के माता-पिता ऐसे पितरों के कारण ही उसे मानव जन्म का सौभाग्य मिला है। गर्भसंभव से लेकर बच्चा माता की कोख में लेटे हुए लोगों से कई बातें सीखता है। जन्म के बाद भी सीखता ही रहता है। माता-पिता के माध्यम से कई तरह क मार्गदर्शन गर्भकाल में और जन्म के उपरांत भी लेता रहता है इस कारण कई घटकों के किये उपकारों के कारण ही वह मानव बन पाता है। हर मनुष्य जन्म में उपकार बढते जाते है। उपकारों का बोझ बढता जाता है। बोझ कम ना करने की स्थिति में मनुष्य हीन योनि या मनुष्य योनि में हीन स्तर को प्राप्त होता है। इन उपकारों को धार्मिक (भारतीय) मनीषियों ने पॉच प्रमुख हिस्सों में बाँटा है। वे निम्न हैं:

९.२ देने की संस्कृती ( दान की प्रवृत्ति )

गुरूकुलों में से जब स्नातक शिक्षा पूर्ण कर सांसारिक जीवन में प्रवेश की गुरू से अनुमति लेकर विदा होते थे तब समावर्तन विधि करने की प्रथा थी। इस विधि में स्नातक को पूर्व में किये गये संकल्पों की याद दिलाई जाती थी। यह वास्तव में वर्तनसूत्र ही थे। यह संकल्प १५ थे। इन में कहा गया है कि दान श्रद्धा से दो। भय के कारण दो। लज्जा के कारण दो। मित्रता के कारण दो। अर्थात् किसी भी कारण से दान देते रहो।

कुछ लोग मानते हैं कि सत्ययुग में सत्य, ज्ञान, तप और दान इन चार खंभों के आधारपर सृष्टि के व्यवहार चलते थे। हर युग में एक एक आधार कम हुआ। और कलियुग में सृष्टि केवल दान पर चलेगी। कलियुग में दान का इतना महत्व माना गया है। धार्मिक (भारतीय) समाज में दान की परंपरा के विषय में एक और मुहावरा है। देने वाला देता जाए। लेने वाला लेता जाए। लेने वाला एक दिन देने वाले के देने वाले हाथ ले ले। अर्थात् आवश्यकतानुसार दान अवश्य ले। किन्तु ऐसा दान लेकर परिश्रम से, तप से, औरों को दान देने की क्षमता और मानसिकता विकसित करे। पुरुषार्थ की पराकाष्ठा करो। खूब धन कमाओ। लेकिन यह सब "मै अधिक प्रमाण में दान दे सकूं" इस भावना से करो।

धार्मिक (भारतीय) शब्द ' दान ' और अंग्रेजी डोनेशन इन में अंतर है। डोनेशन देने वाला बडा होता है। लेनेवाला छोटा माना जाता है। किन्तु दान देते समय भावना भिन्न होती है। एक श्रेष्ठ कार्य के लिये यह सामनेवाला मुझसे दान लेकर मुझे मेरी सामाजिक जिम्मेदारी से उतराई होने का अवसर दिला रहा है। यह इस का मेरे उपर उपकार है। मै इसे दान देकर इस का ॠणी बन रहा हूं। दान लेनेवाला भी गरिमा के साथ श्रेष्ठ सामाजिक हित के लिये दान माँगता था।

दान देने की इस सार्वजनिक प्रवृत्ति के पीछे पंचॠणों से उतराई होने की भावना ही काम करती थी।

१० माता भूमि पुत्रोऽहं पृथिव्या

अति प्राचीन काल से धार्मिक (भारतीय) समाज सृष्टि के अत्यंत उपकारी घटकों को माता के रूप में देखता आया है। जिन के बारे में हमें प्यार, आत्मीयता, मन की निकटता और आदर होता है ऐसे सभी घटकों को ‘माता कहते है। वेद वचन है - माता भूमि पुत्रोऽहं पृथिव्या:।‘ मेरी प्यारी, मेरे सभी प्रमादों को क्षमा करनेवाली, मेरी सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करनेवाली यह भूमि मेरी माता है। और मै उस का पुत्र (पुत्री ) हूँ।

इसीलिये हम कहते है भारत हमारी माता है। गाय हमारी माता है। तुलसी हमारी माता है। गंगा (या स्थानिक नदी भी) हमारी माता है। महाराष्ट्र में तो संतों को भी माता या माऊलि कहा जाता है। ज्ञानदेव माऊलि, तुकाराम माऊलि आदि।

११ अष्टांग योग

गतिमानता तो जगत का नियम है। गति करता है इसीलिये जगत कहलाता है। किन्तु वर्तमान में मानव जीवन ने जो गति प्राप्त की है वह उसे तेजी से आत्मनाश की ओर ले जा रही है। ऐसी स्थिति में संयम की पहले कभी भी नही थी इतनी आवश्यकता निर्माण हो गई है।संयम का अर्थ है इन्द्रिय निग्रह। वासनाओं पर नियंत्रण। वासनाओं को दबाना भिन्न बात है। मन पर संयम निर्माण करने के लिये अपने पूर्वज पतंजलि मुनि ने धार्मिक (भारतीय) चिंतन से ‘अष्टांग योग’ नामक एक अपूर्व ऐसी भेंट जगत को दी है। मानव व्यक्तित्व के पांच प्रमुख घटक होते है। शरीर, प्राण, मन, बुद्धि, चित्त ये वे पांच घटक है। ये पांच तत्व प्रत्येक मनुष्य के भिन्न होते है। इन के माध्यम से जब परमात्मा अपने को अभिव्यक्त करता है तो वह इकाई व्यक्ति कहलाती है। और उस का रूप-लक्षण व्यक्तित्व कहलाता है। यह पाश्चात्य संकल्पना पर्सनॅलिटी (मुखौटा) से भिन्न संकल्पना है। पर्सनॅलिटी में मुखौटा अर्थात् दिखता कैसा है, यह महत्वपूर्ण है, बाहरी व्यवहार से, शिष्टाचार से संबंध है।

व्यक्तित्व में अंतर्बाह्य कैसा है इसे महत्व है। संस्कार कैसे हैं इसे महत्व है। जिस की बुद्धि का नियंत्रण मन पर, मन का नियंत्रण इंद्रियों पर और इंद्रियों का शरीर पर नियंत्रण होता है उस का व्यक्तित्व विकसित माना जाता है। ऐसा होने से व्यक्तिगत और समाज जीवन सुचारू रूप से चलता है। किन्तु सामान्य मनुष्य की प्रवृत्ति इस के बराबर विपरीत होती है। उस के शरीर का नियंत्रण इंद्रियों पर, इंद्रियों का मन पर, और मन का बुद्धि पर होता है। व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन इस से अव्यवस्थित हो जाता है। ऐसा ना हो इसीलिये व्यक्तित्व के श्रेष्ठ विकास के लिये मार्गदर्शन करने के लिये ‘अष्टांग योग’ की प्रस्तुति हुई है।

योग भी अपने आप में सदाचार से जीने के लिये मार्गदर्शन करनेवाला एक संपूर्ण जीवनदर्शन है।

धार्मिक (भारतीय) मान्यता के अनुसार मोक्ष की प्राप्ति के चार प्रमुख मार्ग है। ज्ञानमार्ग, निष्काम कर्म मार्ग, भक्तिमार्ग और अष्टांग योग मार्ग। इन में योगमार्ग सबसे कठिन लेकिन शीघ्र मोक्षगामी बनाने वाला मार्ग है। पूर्व कर्मों के फलों को नष्ट करने की संभावनाएं अन्य तीन मार्गों में नहीं है। किन्तु इस का लाभ केवल मोक्षप्राप्ति के इच्छुक मुमुक्षु को ही होता है ऐसा नहीं है। योग के दो हिस्से है। बहिरंग योग और अंतरंग योग। इन में से बहिरंग योग का लाभ तो समाज के हर घटक को हर अवस्था में मिल सकता है। योगिक साधना से ज्ञानार्जन के करण और अंत:करण के घटकों का विकास किया जा सकता है। इसीलिये योग विषय का शिक्षा की दृष्टि से अनन्य साधारण महत्व है।

मन की शिक्षा यह शिक्षा का प्रमुख और प्राथमिक अंग है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था ‘मुझे यदि फिर से शिक्षा का अवसर मिले और क्या सीखना चाहिये यह निर्णय भी मेरे हाथ में हो तो मै सर्वप्रथम अपने मन को नियंत्रित करने की शिक्षा प्राप्त करूंगा। बाद में तय करूंगा की अन्य कौन सी जानकारी मुझे चाहिये।‘ और मन की शिक्षा के लिये वर्तमान में योग जैसा प्रभावी मार्ग नहीं है। श्रेष्ठ शिक्षा के विषय में ऐसा कहा जाता है कि[citation needed]:

साक्षरा विपरिताश्चेत राक्षसा एव केवलम्। सरसो विपरितश्चेत सरसत्वं न मुंचते ॥

भावार्थ : मनुष्य शिक्षण के द्वारा केवल साक्षर हुआ होगा तब विपरीत परिस्थिति में उस में छिपा हीन भाव ही प्रकट होगा। राक्षस ही प्रकट होगा। किन्तु उसे यदि मन की शिक्षा मिली है, उस का मन सुसंस्कृत हुआ है तो वह विपरीत परिस्थिती में भी अपने संस्कार नही छोडेगा। संत बहिणाबाई मन की चंचलता का वर्णन करते समय कहती है -

मन वढाय वढ़ाय उभ्या पिकातलं ढोर। किती हाका फिरूनि येतं पिकावर ॥

कृष्ण ने जब दुर्योधन से पूछा,' अरे ! तू इतना बुद्धिमान है, फिर तेरा व्यवहार ऐसा क्यों रहा ? '।

उत्तर में दुर्योधन कहता है - जानामि धर्मं न च मे प्रवृत्ति:। जानाम्यधर्मं नच मे निवृत्ती: ॥[8]

भावार्थ : मेरी बुद्धि को तो पता था कि धर्म क्या है अधर्म क्या है ? अच्छा क्या है और बुरा क्या है ? किन्तु मेरा मन मुझे अच्छे के विरोध में और बुरे के पक्ष में खडा करता था’।

अष्टांग योग के पहले हिस्से को बहिरंग योग कहते है। इस के पाँच चरण होते है। यम, नियम, आसन, प्राणायाम और प्रत्याहार।

दूसरे हिस्से को अंतरंग योग कहते है। इस के तीन चरण है। धारणा, ध्यान और समाधि।

इन तीन चरणों में मार्गदर्शन केवल जिसे आत्मनुभूति हुई है ऐसा सद्गुरू ही कर सकता है। जैसे स्वामी विवेकानंद को रामकृष्ण परमहंस जीने किया था। बहिरंग योग में बाहर से मार्गदर्शन किया जा सकता है।

अष्टांग योग के भी दो प्रकार है। पहला है सहज योग या राजयोग, दूसरा है हठयोग। हठयोग में साँस पर बलपूर्वक नियंत्रण किया जाता है। इसलिये हठयोग अरुणावस्था तक वर्जित माना जाता है। विशेषत: हठयोग की शुद्धिक्रियाएं और प्राणायाम प्रकार। सामान्यत: योग कहने से तात्पर्य होता है अष्टांग योग से और वह भी सहजयोग या राजयोग से ही।

बहिरंग योग ज्ञानार्जन प्रक्रिया के विकास का एक अत्यंत मौलिक और प्रभावी साधन है। इसलिये शिक्षा का विचार इस के बिना संभव नही है। बहिरंग योग में भी यम, (सामाजिक वर्तनसूत्र) और नियम (व्यक्तिगत वर्तनसूत्र) यह श्रेष्ठ व्यक्तित्व के लिये अत्यंत अनिवार्य विषय है। इन के सुयोग्य विकास के आधार पर ही एक प्रभावी और श्रेष्ठ व्यक्तित्व की नींव रखी जा सकती है। किन्तु वर्तमान योग शिक्षण में यम और नियमों की उपेक्षा ही होती दिखाई देती है। इन्हे आवश्यक महत्व नहीं दिया जाता। यम, नियमों का आधार बनाए बिना योग में आगे बढने का अर्थ है सदाचार की मानसिकता बनाए बगैर व्यक्तित्व का विकास। यम, नियमों की उपेक्षा करने से, अहंकार से भरे योगिराज चांगदेव बन सकते है ज्ञानदेव नही। यम, नियमों की मदद से मनुष्य सदाचारी बनता है। सदाचार की मानसिकता से उस का शारिरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है। आसन और प्राणायाम की मदद से श्रेष्ठ शारिरिक क्षमताएं विकसित होती है। और प्रत्याहार के माध्यम से मन संयमी, एकाग्र और नियंत्रित होता है।

यम पांच है। सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य। सामान्यत: प्रत्येक यम का उपयोग सामाजिक संबंधों के लिये है।

  • सत्य का अर्थ है मन, वचन और कर्म से सत्य व्यवहार। सत्यनिष्ठा का अर्थ है सत्य के लिये कीमत चुकाने की मानसिकता। मेरा अहित होगा यह जानकर भी जब मै सत्य व्यवहार करता हूं तो मै सत्यनिष्ठ हूं। यही सत्यनिष्ठा की कसौटी है।
  • अहिंसा का अर्थ है मन, वचन और कर्म से किसी को दुख नही देना। किसी का अहित नही करना।
  • अस्तेय का अर्थ है चोरी नहीं करना। मै मेरे परिश्रम से अर्जित जो है उसी का सेवन करूंगा। ऐसा दृढनिश्चय। सडक पर मिली वस्तु भी मेरे लिये वर्जित है। मेरे परिश्रम से अर्जित जो बात नहीं है उस का सेवन करना चोरी है। भ्रष्टाचार तो डकैती है। भ्रष्टाचार नहीं करना अस्तेय है।
  • अपरिग्रह का अर्थ है संचय नहीं करना। अपने लिये आवश्यक बातों का अनावश्यक संचय नहीं करना। मेरे लोभ के कारण मै अन्यों के लिये आवश्यकताओं की पूर्ति भी असंभव कर दूं, यह बात तो और भी बुरी है।
  • ब्रह्मचर्य का अर्थ है संयम। केवल स्त्री-पुरुष संबंधों तक यह सीमित नहीं है। उपभोग लेनेवाले सभी इंद्रिय और मन पर संयम। आठ प्रकार से ब्रह्मचर्य नष्ट हो सकता है।
    • स्मरणं कीर्तनं केलि: प्रेक्षणं गुह्यभाषणं। संकल्पोऽध्यवसायश्च क्रिया निष्पत्तीरेव च ॥ एतन्मप्रथुनमष्टांगम् प्रवदन्ति मनीषिन:। विपरीतं ब्रह्मयामेतदेवाष्ट लक्षणम् ॥
    • अर्थ : वासनाओं का स्मरण, मन में चिंतन, विषयवस्तु की कल्पना कर किया व्यवहार, विषयवस्तु का दर्शन, विषयवस्तु की चर्चा, विषयवस्तु की प्राप्ति का संकल्प, विषयवस्तु पाने का प्रयत्न और सब से अंतिम प्रत्यक्ष विषय्वस्तू का उपभोग ऐसे आठ प्रकार से ब्रह्मचर्य का भंग होता है। इन से दूर रहने का अर्थ है ब्रह्मचर्य।

नियम भी पांच है। शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय और ईश्वर प्रणिधान।

  • शौच का अर्थ है अंतर्बाह्य स्वच्छता। अंतर से अभिप्राय अंत:करण अर्थात् मन, बुद्धि चित्त की शुद्धता से है। बाह्य से अर्थ है शरीर की, वस्त्रों की, परिसर की स्वच्छता और शुद्धता।
  • संतोष का अर्थ है जो मिला है उस में समाधान रखने की मानसिकता। किन्तु भगवान होगा तो मुझे खाने को तो देगा ही ऐसा मानना संतोष नहीं है। संतोष कोई पुरुषार्थ का शत्रू नहीं है। पराकोटी का पुरुषार्थ करो। लेकिन जो फल मिलेगा उसे स्वीकार करो। सफलता से उद्दंड न बनना और असफलता से निराश नहीं होना, इसी को ही संतोष कहते है।
  • तपस का अर्थ है ध्येय की प्राप्ति के लिये ध्येय की प्राप्ति तक निरंतर परिश्रम करना। तप के दायरे में शरीर, इंद्रियाँ, मन और बुद्धि ऐसे चारों का दीर्घोद्योगी होना आ जाता है। तप केवल हिमालय चढने वाले के लिये ही नहीं अपितु दैनंदिन स्वाध्याय करनेवाले के लिये भी आवश्यक है।
  • स्वाध्याय से तात्पर्य है अध्ययन की आदत। स्वाध्याय का अर्थ है वर्तमान में अपने विषय का जितना भी ज्ञान उपलब्ध है उस का अध्ययन करना। अपनी बुद्धि, तप, अनुभव के आधारपर उपलब्ध ज्ञान को पूर्णता की ओर ले जाना। फिर उसे अगली पीढी को हस्तांतरित करना। पूर्व में वर्णित समावर्तन के संकल्पों में ‘स्वाध्यायान्माप्रमद:’ ऐसा भी एक संकल्प था। इस का अर्थ यह था की प्रत्येक स्नातक अपना विद्याकेंद्र का अध्ययन करने के उपरांत भी मृत्यूपर्यंत स्वाध्याय करता रहता था। कारीगरी, कला, कौशल, ज्ञान विज्ञान आदि अपने कर्म-क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति स्वाध्याय करता था। स्वाध्याय करने के लिये वचनबध्द था। नकल करनेवाले कभी नेतृत्व नहीं कर सकते। जो देश मौलिक शोध के क्षेत्र में आगे रहेगा वही विश्व का नेतृत्व करेगा। १८ वीं सदीतक भारत ऐसी स्थिति में था। स्वाध्याय की हमारी खण्डित परंपरा को जगाने से ही भारत विश्व का नेतृत्व करने में सक्षम होगा।
  • ईश्वर प्रणिधान से अभिप्राय है ईश्वर की आराधना। जिस सर्वशक्तिमान, सर्वव्यापी, सर्वज्ञानी परमात्माने मुझे मनुष्य जन्म दिया है, मेरे भरण-पोषण के लिये विभिन्न संसाधन निर्माण किये है उस के प्रति श्रद्धा का भाव मन में निरंतर रखना। जगत में जड़ और चेतन ऐसे दो पदार्थ है। जड़ पृथ्वी सूर्य की परिक्रमाएं करती है। वास्तव में गति के नियम के अनुसार उसे सीधी रेखा में ही गति करनी चाहिये। गति का एक और नियम कहता है की यदि कोई वस्तू अपनी गति करने की दिशा में परिवर्तन करती है तो वह किसी शक्ति के कारण ही। बस इसी शक्ति को हमारे पूर्वजों ने परमात्मा की शक्ति कहा है। कुछ वैज्ञानिक कहेंगे कि यह परमात्मा की शक्ति से नहीं होता। यह अपने आप होता है। किन्तु ऐसे वैज्ञानिक किसी के किये संसार में कुछ भी नही होता इसे भी मानते है। किन्तु पश्चिमी प्रभाव में वे इस शक्ति को परमात्मा कहने को तैयार नहीं है। ऐसे लोगों की ओर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। अणु में ॠणाणू (इलेक्ट्रॉन) नामक एक अति सूक्ष्म कण होता है। वह अणु के केंद्र के इर्दगिर्द प्रचंड गति से घूमता रहता है। यह सृष्टि निर्माण से चल रहा है। और सृष्टि के अंततक चलेगा। इस ॠणाणू को चलाता कौन है ? इसे ऊर्जा कौन देता है ? वैज्ञानिक कहते हैं, एक बहुत विशाल अण्डा था उस का विस्फोट हुआ और सृष्टि बन गई। किन्तु सब से पहला प्रश्न तो यह है की यह विशाल अण्डा आया कहाँ से ? दूसरे जब विस्फोट होता है तो अव्यवस्था निर्माण होती है। किन्तु प्रत्यक्ष में तो सृष्टि एकदम नियमों के आधार पर एक व्यवस्था से चलती है। यह व्यवस्था किसने स्थापित की ? गति के नियम किसने बनाए ? गुलाब के फूल को गुलाबी किसने बनाया ? और गुलाबी ही क्यों बनाया? इन सभी और ऐसे अनगिनत प्रश्नों के उत्तर में हमारे पूर्वजों ने कहा 'यह सब परमात्मा की लीला है'। परमात्मा को लगा, मैं एक से अनेक हो जाऊं। सोऽकामयत् एकोऽहं बहुस्याम:। और जैसे मकडी अपने में से ही तंतू निकालकर जाल बनाती है, परमात्मा ने अपनी इच्छाशक्ति से और अपने में से ही पूरी सृष्टि निर्माण की। इसीलिये धार्मिक (भारतीय) मनीषि घोषणा करते हैं कि जड़ और चेतन यह सब अनन्त चैतन्य परमात्मा से ही बनें हैं। इन में अंतर है तो बस चेतना के स्तर का। अनूभूति के स्तर का। इसे समझना और इस के अनुसार चराचर में एक ही परमात्वतत्व है ऐसा व्यवहार करने का अर्थ है ईश्वर प्रणिधान।

१२ एकात्म जीवनदृष्टि

एकात्म जीवनदृष्टि अर्थात् ‘समग्रता से विचार’। किसी भी बात का विचार और कृति करने से पहले उस बात के विचार या कृति के करने के चराचर पर होनेवाले परिणामों का विचार करना। और चराचर के अहित की बात नहीं करना। धार्मिक (भारतीय) पद्धति में अध्ययन करते समय पहले संपूर्ण को समझना आवश्यक माना जाता है। इस के बाद उस पूरे के टुकडों का अध्ययन करना अधिक उपयुक्त होता है। पाश्चात्य पध्दति में पहले पूर्ण को यथासंभव बारीक टुकडों में बाँटा जाता है। फिर हर बारीक टुकडेपर अधिक से अधिक विचार किया जाता है। फिर इन टुकडों में किये विचारों को जोडकर पूरे का अनुमान लगाया जाता है। इस पाश्चात्य प्रणाली का वर्णन कुछ इस प्रकार किया गया है। टु नो मोअर ऍंड मोअर थिंग्ज् टिल यू नो एव्हरीथिंग अबाऊट नथिंग। अधिक से अधिक की सीमा है सब कुछ। और छोटी से छोटे की सीमा है कुछ नही। अर्थात् कुछ नही के बारे में सब कुछ जानना।

इसलिये जब धार्मिक (भारतीय) दृष्टि से अर्थशास्त्र का विचार होता है तो उस में शिक्षणशास्त्र, मानसशास्त्र और अन्य सामाजिक शास्त्रों का भी विचार होता है। पाश्चात्य अर्थशास्त्र में ‘आर्थिक मानव’ की कल्पना है। धार्मिक (भारतीय) अर्थशास्त्र में ‘आर्थिक मानव’ की कल्पना भी नहीं की जा सकती। वस्तुस्थिति में भी मानव का विचार आर्थिक मानव, कानूनी मानव, सामाजिक मानव, पारिवारिक मानव या आध्यात्मिक मानव ऐसा टुकडों में किया ही नही जा सकता। मानव तो यह सब मिलाकर ही होता है। उस की आर्थिक सोच हो सकती है। किन्तु पारिवारिक भावना को अलग रखकर उस की आर्थिक सोच का विचार नहीं किया जा सकता।

१३ आत्मवत् सर्वभूतेषू

पूरी सृष्टि एक ही आत्मतत्व का विस्तार है। इसी धार्मिक (भारतीय) मान्यता के आधारपर यह वर्तन सूत्र बना है। मै जैसे परमात्मतत्व हूं इसी तरह अन्य जड़ चेतन सभी परमात्मतत्व ही है। इसलिये मै अन्यों के साथ ऐसा व्यवहार करूं जैसी मेरी अन्यों से अपेक्षा है। और ऐसा व्यवहार नहीं करूं जैसे व्यवहार की मै अपने लिये औरों से अपेक्षा नहीं करता।

यह एक ऐसा वर्तनसूत्र है जिस के बारे में कहा जा सकता है - ' येन एकेन विज्ञातेन सर्वं विज्ञातं भवति '। इस एक वर्तनसूत्र के व्यवहार से सारा समाज सदाचारी बन सकता है। इस वर्तनसूत्र से लगभग सारी समस्याओं का समाधान मिल जाता है। एक दृष्टि से देखें तो यह मानवता की कसौटी भी है। मानवता का व्यवहार और मानवताविरोधी व्यवहार जानने का यह साधन भी है। इस सूत्र का उपयोग करने की पद्धति समझना महत्वपूर्ण है।

  • पहला चरण : समस्या की ठीक प्रस्तुति
    • जैसे दहेज प्रथा को समस्या माना जाता है। किन्तु समस्या दहेज देना या लेना नही है। कोई भी पिता अपनी बेटी को यथासंभव अधिक से अधिक देना ही चाहता है। कई बार तो वरपक्ष की दहेज की अपेक्षा से अधिक भी दे देता है। समस्या तो तब निर्माण होती है जब पिता जितना देना चाहता है उस से अधिक देने के लिये उसपर दबाव आता है। इसलिये मूल समस्या है वधू के पिता पर उस की इच्छा से अधिक दहेज देनेका दबाव।
  • दूसरे चरण में यह तय कीजिये की पीडित कौन है।
    • दहेज के मामले में वधू के पिता यह समस्या-पीडित है।
  • अब उस पीडित के स्थानपर मै हूं, ऐसी कल्पना करिये। और बेटी के ससुरालवालों से मै कैसे व्यवहार की अपेक्षा करता हूं यह सोचिये। वरपक्ष की ओर से ऐसा दबाव मुझपर नहीं आए यही तो वधू का पिता सोचेगा !
  • बस अब वरपक्ष के लोग आत्मवत् सर्वभूतेषू तत्व लगाएं। वधू पिता के स्थानपर वे हैं ऐसी कल्पना करें। वधूपिता के रूप में जैसी वरपक्ष से अपेक्षा होगी वैसे ही अपेक्षा वे प्रत्यक्ष में वधूपक्ष से रखें। अर्थात् वधूपिता की इच्छा से अधिक देने के लिये दबाव नही डालें। ऐसा दबाव नही डालना यह है मानवीय व्यवहार और वधूपिता की इच्छा के विपरीत अधिक देने के लिये दबाव डालना, यह है अमानवीय व्यवहार।

यही सूत्र अब चोरी की समस्या के लिये लगाकर देखें। जिस की वस्तू या धन चोरी हो गया है वह है समस्या पीडित। चोर जब जिस के घर वह चोरी कर रहा है उस की भूमिका से विचार करेगा तब उसे लगेगा, मेरी मेहनत की कमाई को कोई चुराए नहीं। तो मै भी किसी की मेहनत की कमाई नहीं चुराऊं।

अब यही तत्व रिश्वतखोरी की समस्या को लगाएं। इस समस्या में रिश्वत देनेवाला समस्य-पीडित है। रिश्वत लेनेवाला जब रिश्वत देनेवाले की भूमिका से विचार करेगा, तो वह कभी रिश्वत नहीं लेगा। क्यों की किसी को भी रिश्वत देकर काम करवाना अच्छा नहीं लगता।

स्त्रियों के साथ पुरुषों का व्यवहार यह भी एक समस्या है। शारिरिक दृष्टि से दुर्बल होने के कारण, इस में समस्या पीडित स्त्री ही होती है। समस्या यह है की पुरुष स्त्री का सम्मान नही करता। जब पुरुष अपने को स्त्री की भूमिका में रखकर विचार करेगा तब वह हमेशा स्त्री के साथ सम्मानजनक व्यवहार ही करेगा। मेरी बेटी, मेरी बहन, मेरी पत्नि और मेरी माता को लोग सम्मान से देखें ऐसा मुझे लगता है तो मैने भी अन्य किसी की बेटी, बहन, पत्नि और माता के साथ सम्मान से ही व्यवहार करना चाहिये। इसी को धार्मिक (भारतीय) संस्कृति में संस्कृत में कहा है ' मातृवत् परदारेषू। हर पराई स्त्री मेरे लिये माता के समान है।

१४ उध्दरेद् आत्मनात्मानम्

सामान्यत: बच्चा १२ वर्ष की आयुतक विचार करने लग जाता है। उस की तर्क, अनुमान आदि बुद्धि की शाखाएं सक्रिय हो जातीं है। यह वर्तनसूत्र सामान्य रूप में इस आयु से उपर की आयु के सभी के लिये है। मेरे विकास के लिये मुझे ही प्रयास करने होंगे। सामान्यत: मेरे विकास के कारण मेरा ही लाभ होगा। अन्यों का होगा यह आवश्यक नहीं है। फिर अन्य लोग मेरे लिये प्रयास नहीं करेंगे।

हर व्यक्ति एक स्वतंत्र शरीर, प्राण मन, बुद्धि और चित्त का स्वामी रहता है। मेरे लिये जो अच्छा है वही मुझे करना चाहिये। अन्यों की नकल कर मै बडा नही बन सकता। गुरूदेव रवींद्रनाथ ठाकूर कहते थे ' हर देश को परमात्मा ने भिन्न प्रश्नपत्रिका दी हुई है। अन्य देशों की नकल कर हम अपने प्रश्नों के उत्तर नहीं पा सकते। अपने प्रश्नों के उत्तर हमें ही खोजने होंगे। जैसे हर देश दूसरे देश से भिन्न होता है उसी तरह हर व्यक्ति भी दूसरे व्यक्ति से भिन्न होता है। प्रत्येक व्यक्ति की प्रकृति भिन्न होती है। यह स्वाभाविक भी है। आयुर्वेद में कहा है जहां का रोग वहीं की औषधि। औषधि को अन्य किसी परिसर में ढ़ूंढने की आवश्यकता नहीं है। पूर्व में वर्णित यत् पिंडे तत् ब्रह्मांडे से भी तो यही ध्वनित होता है।

वास्तव में देखा जाए तो यह वर्तनसूत्र सामान्य आदमी जानता भी है और सामान्य रूप में व्यवहार भी करता है। किन्तु वर्तमान धार्मिक (भारतीय) नेतृत्व की मानसिकता और वर्तमान शिक्षा के कारण यह सूत्र आग्रहपूर्वक बताने की आवश्यकता निर्माण हुई है। स्वामी विवेकानंद ने वर्तमान शिक्षा का वर्णन किया है ' टुडेज एज्यूकेशन इज ऑल राँग। माईंड इज क्रॅम्ड विथ फॅक्ट्स् बिफोर इत इज टॉट हाऊ टु थिंक '। विचार कैसे करना यह सिखाए बगैर ही वर्तमान शिक्षा में बच्चे के दिमाग में जानकारी ठूंसी जाती है। विचार कैसे करना से तात्पर्य सर्वहितकारी पध्दति से कैसे सोचना इस से है।

उध्दरेत् आत्मनात्मानम् का ही दूसरा अर्थ है स्वावलंबन। वैसे परस्परावलंबन के बगैर समाज चलता नहीं है। लेकिन ऐसा सहकार्य की अपेक्षा में बैठे हना ठीक नहीं है। सहकार्य के नही मिलनेपर भी आगे बढने की मानसिकता और क्षमता का ही अर्थ है स्वावलंबन अर्थात् उध्दरेद् आत्मनात्मानम्।

१५ कृण्वंतो विश्वमार्यंम्

कृण्वंतो विश्वमार्यंम् का अर्थ है हम समूचे विश्व को आर्य बनाएंगे। हमें पढाए जा रहे विकृत इतिहास के अनुसार आर्य यह जाति है। ऐसा सिखाना ना केवल गलत है अपितु देश के अहित का भी है। वास्तव में आर्य का अर्थ है श्रेष्ठ। प्राचीन और मध्यकालीन पूरे धार्मिक (भारतीय) साहित्य में आर्य शब्द का प्रयोग ' विचार और व्यवहार से श्रेष्ठ ' इसी अर्थ से किया गया मिलेगा। किन्तु भारत में भिन्न भिन्न कारणों से फूट डालने के अंग्रेजी षडयंत्र के अनुसार आर्य को जाति बनाकर प्रस्तुत किया गया। इसे हिन्दुस्तान पर आक्रमण करनेवाली जाति बताया गया। आर्य अनार्य, आर्य-द्रविड ऐसा हिन्दू समाज को तोडने का काफी सफल प्रयास अंग्रेजों ने किया। इसी कारण आज भी, जब यह निर्विवाद रूप से सिद्ध हो गया है की आर्य ऐसी कोई जाति नहीं थी, फिर भी यही पढ़ाया जा रहा है।

यहाँ एक बात की ओर ध्यान देना महत्वपूर्ण है। आर्य जाति के लोग उत्तर ध्रुव से आये। ये लोग लंबे तगडे, मजबूत और गेहुं रंग के थे। उन्होंने यहाँ के निवासी द्रविडों को दक्षिण में खदेड दिया। ऐसा लिखा इतिहास आज भी अधिकृत माना जाता है। इस प्रमाणहीन सफेद झूठ को सत्य मान लिया गया है। तर्क के लिये मान लीजिये कि आर्य यह जाति थी। तो कृण्वंतो विश्वमार्यम् का अर्थ होगा ठिगने लोगों को उंचा बनाना, काले या पीले रंग के लोगों को गेहुं रंग के बनाना। इतनी मूर्खतापूर्ण बात और कोई नहीं हो सकती। किन्तु अंग्रेजों की मानसिक गुलामी करनेवाले लोगों को आर्य-अनार्य, आर्य-द्रविड, आदिवासी-अन्य ऐसे शब्दों को रूढ कर धार्मिक (भारतीय) समाज में फूट डालने की अंग्रेजों की चाल अब भी समझ में नहीं आ रही। चमडी का रंग, उंचाई यह बातें आनुवंशिक और भाप्रगोलिक कारणों से होतीं है। यह सामान्य ज्ञान की बात है। किन्तु इसे प्रमाणों के आधार पर भी गलत सिद्ध करने के उपरांत भी 'साहेब वाक्यं प्रमाणम्' माननेवाले तथाकथित इतिहास विशेषज्ञों की फौज विरोध में खडी हो जाती है।

सरस्वती शोध संस्थान ने आर्यों का मूल भारत ही है यह सप्रमाण सिद्ध कर दिया है। फिर भी हमने इतिहास में 'आर्यों का आक्रमण ' सिखाना नहीं छोडा है। मेकॉले शिक्षा का परिणाम कितना गहरा है यही इस से स्थापित होता है।

केवल तत्वज्ञान श्रेष्ठ होना या सर्वहितकारी होना पर्याप्त नहीं होता। उस तत्वज्ञान के पीछे व्यवहार के आधार पर जब तक शक्ति खडी नहीं की जाती विश्व उस तत्वज्ञान को स्वीकार नहीं करती। सत्यमेव जयते यह अर्धसत्य है। सत्य के पक्ष में जब शक्ति होती है तब ही सत्य की विजय होती है। इतिहास के अनुसार यही पूर्ण सत्य है। अर्थात् केवल कृण्वंतो विश्वमार्यम् कहना पर्याप्त नहीं है। सर्वप्रथम हमें ही विचार और व्यवहार से आर्य बनना होगा। ऐसे सज्जन आर्यों को संगठित करना होगा। दुर्जनों के मन में डर पैदा करनेवाली और सज्जनों को आश्वस्त करनेवाली शक्ति के रूप में खडा होना होगा। तब ही विश्व भी आर्य बनने का प्रयास करेगी।

और एक बात भी ध्यान में लेनी होगी। वर्तमान में हमारे ऊपर सामाजिक दृष्टि से अहिंसा का भूत बैठा हुआ है। इस का प्रभाव बहुत गहरा है। हमारे गीतों में, कहावतों में ऐसे विचार आने लग गये है। एक देशभक्ति के गीत में कहा गया है - सर कटा सकते है लेकिन सर झुका सकते नही। इसी अर्थ की भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रीमान अटलबिहारी वाजपेयीजी की कविता है ' टूट सकते है, मगर झुक नही सकते '। इस का थोडा विश्लेषण करेंगे तो हमारी धारणा कितनी गलत है यह ध्यान में आएगा। हम अभिमान से कह रहे है कि हम मर जाएंगे लेकिन शत्रू के आगे सर नही झुकाएंगे। यहाँ यह माना गया है की हमारा पक्ष सत्य का है। न्याय का है। यदि ऐसा है तो सर कटवाने से तो असत्य की ही विजय हो जाएगी। वास्तव में सर कटाने या झुकाने के विकल्प तो शत्रू के लिये है। जिस का पक्ष असत्य का है। अन्याय का है। हमारा पक्ष सत्य का, न्याय का है, इसलिये हमारे लिये केवल विजय ही एकमात्र विकल्प है। ऐसा ही एक गीत है झण्डा ऊंचा रहे हमारा। इस में भी कवि कहता है - चाहे जान भले ही जाए, सत्य विजय करके दिखलायें। अब यदि हमारी जान जाएगी तो विजय सत्य की कैसे होगी।

एक अंग्रेजी चित्रपट है ' पॅटन '। जनरल पॅटन अपने सिपाहियों से कहता है,' विश्व में अपने देश के लिये मरकर कोई नही जीता है। वह जीता है शत्रू के उस के देश के लिये मरने के कारण। इसलिये निम्न दो बातों को समझना होगा।

  • घर बैठे भजन करने से कृण्वंतो विश्वमार्यम् नहीं होनेवाला। उस के लिये तो राम की तरह प्रतिज्ञा करनी होगी। 'निसचर हीन करऊं मही ' विश्व में जहाँ भी अन्याय और अत्याचार हो रहा होगा उसे हम वहाँ जाकर नष्ट करेंगे।
  • हमारा पक्ष सत्य का है। इसलिये हमारे पास केवल विजय के सिवाय अन्य कोई विकल्प नहीं है। इतिहास की भी यही सीख है। जबतक हमारे अश्वमेध के अश्व चतुरंगिणी सेना के साथ विश्वभर मे घूमते थे बाहर से किसी की हमारे देशपर आक्रमण करने की हिम्मत नहीं होती थी। हमारी सम्राट परंपरा नष्ट हुई और भारतवर्षपर आक्रमणों का ताँता लग गया। आक्रमणों के उपरांत भी हमने सीमोल्लंघन कर प्रत्याक्रमण नहीं किये। इसी के कारण हमारा संख्यात्मक और गुणात्मक दोनों प्रकार से ह्रास होता जा रहा है। इसे समझना ही कृण्वंतो विश्वमार्यम् को समझना है।

डॉ. श्री अब्दुल कलाम जब राष्ट्रपति थे, एक युवक सम्मेलन में उन्होंने यही प्रश्न पूछा था की हमने आक्रमण क्यों नही किया ? हमने आक्रमण नहीं किया यह हमारी बहुत बडी भूल थी यही उन्हें बताना था। जिस सजीव वस्तू का विकास थम जाता है, उस का ह्रास होना यह स्वाभाविक बात है। धार्मिक (भारतीय) समाज का इतिहास यही कहता है। जबतक हम सम्राट व्यवस्था के माध्यम से अपनी संस्कृति का विस्तार करते रहे हम संख्या और क्षेत्र में बढते गये। जैसे ही हमने विस्तार करना बंद किया हम सिकुडने लग गये। किन्तु हमारा विस्तारवाद और चीन का विस्तारवाद इन में गुणात्मक अंतर होगा। चीन ने अपना विस्तार किया। और पूरी तिब्बती प्रजा को नामशेष कर दिया। हमारा विस्तार अन्य समाजों को नष्ट करनेवाला विस्तार नहीं होगा। यह सर्वहितकारी होगा। उस भाप्रगोलिक क्षेत्र की दुर्जन शक्ति को नष्ट करनेतक ही वह सीमित होगा। धार्मिक (भारतीय) मानस में आयी झुकने और टूटने की इस विकृति को परिश्रमपूर्वक और ककठोरता से दूर करना होगा।

१६ पूर्णत्व की आस

ईशावास्योपनिषद मे कहा है[9]

ॐ पूर्णमद: पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्ण मुदच्यते। पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते ॥

भावार्थ : वह ( ब्रह्म ) स्वत:ही पूर्ण है। उस में से कुछ अलग निकाला तो भी वह पूर्ण ही रहता है। और जो निकाला है वह भी पूर्ण ही रहता है। उस में बाहर से कुछ जोडने से भी उस का पूर्णत्व नष्ट नहीं होता।

पूरी धार्मिक (भारतीय) जीवनशैली को इस पूर्णता की आस लेकर बाँधने का प्रयास हमारे पूर्वजों ने किया था। चार पाँच पीढियों पहले भारत में सिलाई मशीन से बने वस्त्र नहीं पहनते थे। इन वस्त्रों की विशेषता यह थी की इन में इन साडी या धोती में थोडा कम या थोडा अधिक वस्त्र होने से कोई विसंगति का अनुभव नहीं होता था। द्रौपदी ने साडी पहनी थी इसीलिये वह साडी का थोडा पल्लू फाडकर कृष्ण की जखम में पट्टी बाँध सकी थी। क्या वर्तमान जीन पँट पहननेवाली लडकी जीन पँट से ऐसा कर सकती है ? इस वस्त्र का उपयोग भी पुरी तरह होता था। धोती जीर्ण हुई तो उस के तौलिये बना देते थे। वह भी जीर्ण हो गये तो रुमाल बन जाते थे। जख्मों को बाँधने की पट्टियाँ बन जाती थीं। पोंछे बन जाते थे। किन्तु वर्तमान वस्त्रों में कमी आ गई या जीर्ण हो गये तो उन का कोई उपयोग नहीं रह जाता।

पहले घरों की रचना ऐसी थी की एकाध कमरा कम या अधिक होने से कोई समस्या नहीं होती थी। किन्तु वर्तमान आंतर-सुशोभन (इंटीरियर डेकोरेशन) के जमाने में एक कमरा कम हो गया तो सोने का कैसे होगा ? या स्वागत कक्ष का क्या होगा ? ऐसी समस्याएं खडी हो जातीं है।

शून्य और अनंत यह दोनों ही संकल्पनाएँ इस पूर्णत्व की शोध प्रक्रिया का ही प्रतिफल है। ० से ९ तक के ऑंकडे भी पूर्णत्व के प्रतीक ही है। वेदों से भी अत्यंत प्राचीन काल से चले आ रहे इन धार्मिक (भारतीय) ऑंकडों में और एक ऑंकडा जोडने की आजतक किसी को आवश्यकता नहीं लगी। यही इस अंक प्रणालि के पूर्णत्व का लक्षण है। हमारे धार्मिक (भारतीय) पूर्वजों ने विकसित की हुई अंकगणित की जोड, घट, गुणाकार, भागाकार, वर्गमूल, घनमूल, कलन और अवकलन की आठ क्रियाएं भी पूर्णता का ही लक्षण है। इसी तरह गो-आधारित कृषि का तंत्र भी ऐसा पूर्ण है की जबतक सृष्टि में मानव है यह कृषि प्रणालि मानव की अन्न की आवश्यकताएं हमेशा पूर्ण करती रहेगी।

वास्तव में मोक्ष या परमात्मपद प्राप्ति या पूर्णत्व की प्राप्ति ही तो मानव जीवन का लक्ष्य है। कारण यह है की केवल परमात्मा ही पूर्ण है। उसी तरह हर जीव भी अपने आप में पूर्ण है। पूर्ण है का अर्थ है पूर्णत्व के लिए आवश्यक सभी बातें उसमें हैं। मनुष्य जीवन का लक्ष्य ही इस तरह से सबसे पहले अपने आप को विकसित कर पूर्णत्व(लघु) प्राप्त करना और आगे इस लघु पूर्ण को विकसित कर उसको एक पूर्ण (परमात्मा) में विलीन कर देना है।

अब पूर्णत्व के कुछ उदाहरण देखेंगे: कुटुंब व्यवस्था, गो आधारित खेती, अंकगणित की आठ मूल क्रियाएं, ० से ९ तक के ऑंकडे, देवनागरी लिपी।


भारतीय विद्वानों में हीनता बोध

गुलामी गई किन्तु गुलामी की मानसिकता नहीं गई। स्वामी विवेकानंद कहते थे कि हम अपने मनीषियों और तपस्वियों के अनुभव को नहीं मानेंगे, किन्तु वही बात जब किसी मिश्टर हक्सले या मिश्टर टिंडल ने कही है, तो उसे सत्य मान लेंगे। साहेब वाक्यं प्रमाणम् की मानसिकता आज भी बदली नहीं है।

यह हीनता बोध १० पीढियों से चली आ रही अधार्मिक (अभारतीय) शिक्षा के कारण और गहरा होता जा रहा है। इस शिक्षा के कारण लोगों को लगने लगा है कि भारत के पास विश्व को देने के लिये कुछ भी नहीं है। विश्व में कुछ भी श्रेष्ठ है तो वह यूरो अमरिकी देशों की देन है। डॉ राधाकृष्णन जैसे कई ख्याति प्राप्त धार्मिक (भारतीय) विद्वानों ने भी कुछ लेखन ऐसा किया है जो धार्मिक (भारतीय) साहित्य और संस्कृति के प्रति हीनता का भाव निर्माण करने वाला है।[10] भारतीयता की विकृत समझ रखने वाले नौकरशाहों और शासकीय नीतियों ने भी इस हीनता बोध को बढाया ही है।

जीवन का पूरा प्रतिमान ही अभारतीय

अंग्रेजों ने हमारे पूरे जीवन के धार्मिक (भारतीय) प्रतिमान को ही नष्ट कर उस के स्थान पर अपना अंग्रेजी जीवन का प्रतिमान स्थापित कर दिया है। जीवन दृष्टि, जीवन शैली (व्यवहार सूत्र) और सामाजिक जीवन की व्यवस्थाएं इन को मिलाकर जीवन का प्रतिमान बनता है। हमारी जीवन दृष्टि, जीवन शैली (व्यवहार सूत्र) और सामाजिक जीवन की व्यवस्थाएं सभी अधार्मिक (अभारतीय) बन गये हैं। यदि कुछ शेष है तो पिछली पीढियों के कुछ लोग जो धार्मिक (भारतीय) जीवनदृष्टि को जानने वाले हैं। व्यवहार तो उन के भी मोटे तौर पर अधार्मिक (अभारतीय) जीवनदृष्टि के अनुरूप ही होते हैं। युवा पीढी के तो शायद ही कोई धार्मिक (भारतीय) जीवन दृष्टि से परिचित होंगे। जब जीवन दृष्टि से ही युवा पीढी अपरिचित है तो धार्मिक (भारतीय) जीवनशैली और जीवन व्यवस्थाओं की समझ की उन से अपेक्षा भी नहीं की जा सकती।

१९४७ में हम स्वाधीन हुए। स्वतंत्र नहीं। स्वतंत्र होने का तो कोई विचार भी हमारे मन में कभी आता नहीं है। स्वतंत्र का अर्थ है अपने तंत्रों के साथ याने अपनी व्यवस्थाओं के साथ जीनेवाले। अंग्रेजों ने भारत में स्थापित की हुई शासन, प्रशासन, न्याय, अर्थ, उद्योग, कृषि, जल प्रबंधन, शिक्षा आदि में से एक भी व्यवस्था को हमने अपनी जीवन दृष्टि और जीवन शैली के अनुसार बदलने का विचार भी नहीं किया है। प्रत्यक्ष बदलना तो बहुत दूर की बात है।

साईंटिफिक टेम्परामेंट का आतंक

वर्तमान में साईंटिफिक टेम्परामेंट जिसे हम गलती से वैज्ञानिक दृष्टिकोण कहते हैं, को अनन्य साधारण महत्व प्राप्त हो गया है। जीवन के किसी भी पहलू से जुडी बात हो उसे साईंस की कसौटी पर तौला जाता है। वर्तमान में जिसे साईंस कहा जाता है वह प्रमुखत: पंचमहाभौतिक तत्वों से संबंध रखता है। इन पंचमहाभूतों से संबंधित जो भी सिद्धांत साईंटिस्टों ने प्रस्तुत किये है वे सत्य ही हैं। पंचमहाभूतों के संबंध में तो कसौटी साईंस के नियमों के आधार पर लगाई जाये यह उचित ही है। किन्तु विश्व केवल पंचमहाभूतों से ही नहीं बना। अन्य भी कुछ घटक मिलकर विश्व का निर्माण हुआ है। इस दृष्टि से साईंस की कसौटीयों की मर्यादाएं खींच जातीं हैं। मन, बुद्धि, अहंकार जैसी अनुभव जन्य बातों के लिये जो पंचमहाभूतों से अति सूक्ष्म है उन के लिये और परमात्व तत्व जैसी अनूभूति जन्य बात के लिये साईंस की कसौटीयाँ लागू नहीं होतीं। किन्तु आज के साईंटिस्ट सामान्यत: यह समझते नहीं हैं।

वास्तव में धार्मिक (भारतीय) शास्त्रों के ज्ञाता जब वर्तमान साईंस का भी ठीक अध्ययन कर दोनों की संतुलित विश्लेषणात्मक प्रस्तुति करेंगे तब न केवल कसौटी की समस्या दूर होगी साथ ही में साईंस का मार्ग जो आज पंचमहाभौतिक में उलझ जाने के कारण अवरूध्द हुआ है, वह भी प्रशस्त होगा। वैसे तो एस्ट्रो फिजिक्स या पार्टिकल फिजिक्स जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले वैज्ञानिक अपने प्रगत प्रयोगों के माध्यम से पंचमहाभौतिक से आगे मन और बुद्धि के क्षेत्र में विचार करने को बाध्य हो रहे हैं। आईन्स्टीन, नील बोर, हायज़ेनबर्ग, व्हीलर आदि और उन के अनुयायी ऐसे वैज्ञानिकों में रहे हैं जो धार्मिक (भारतीय) दर्शनों में साईंस को आगे बढाने की सम्भावनाएँ देखते हैं। उन के लिये भी ऐसा संतुलित और बुद्धियुक्त विश्लेषण लाभदायी होगा।

श्रीमद्भगवद्गीता के सातवें अध्याय का नाम ही ज्ञान-विज्ञान योग है। इसमें श्लोक ४ में की हुई विज्ञान की व्याख्या निम्न है[11]:

भूमिरापोऽनलोवायू: खं मनो बुद्धिरेव च ।

अहंकार इतियं मे भिन्ना प्रकृतिरष्ट्धा: ॥ 7-4 ॥

अर्थात् भूमि, जल, अग्नि, वायु और पृथ्वी इन पंचमहाभूतों के साथ मन, बुद्धि और अहंकार मिलकर अष्टधा प्रकृति बनती है।

परमात्म तत्व के अलावा सृष्टि में कुछ भी नहीं है। चराचर सृष्टि का प्रत्येक अस्तित्व इसी अष्टधा प्रकृति का ही बना हुआ है। यह प्रत्येक अस्तित्व अन्य कुछ नहीं, परमात्म तत्व के ही विविध रूप हैं इसे जानना ही विज्ञान है। इसी प्रकार से अध्याय ३, श्लोक ४२ में बताया गया है[12]:

इन्द्रियाणि पराण्याहुरिन्द्रियेभ्य: परं मन।

मनसस्तु परा बुद्धिर्यो बुध्दे: परतस्तु स: ॥ 3-42 ॥

अर्थात् इंद्रियों से मन सूक्ष्म है। मन से बुद्धि सूक्ष्म है। और आत्म तत्व तो बुद्धि से भी कहीं अधिक सूक्ष्म है।

संस्कृत में सूक्ष्म का अर्थ होता है बलवान और व्यापक। पंचमहाभूतों से बनीं इंद्रियाँ स्थूल महाभूतों से तो सूक्ष्म है किन्तु मन उन से भी अधिक सूक्ष्म है। बुद्धि मन से और आत्म तत्व बुद्धि से भी अत्यंत सूक्ष्म है। जो सूक्ष्म होता है उसकी मापन पट्टी से तो जो उस से स्थूल है उस का मापन किया जा सकता है, किन्तु जो उस से अधिक सूक्ष्म है उस का मापन नहीं किया जा सकता। इस दृष्टि से आत्म तत्व की मापन पट्टी से बुद्धि का, बुद्धि की मापन पट्टी से मन का और मन की मापन पट्टी से इंद्रियों का और इंद्रियों की मापन पट्टी से स्थूल पंचमहाभूतों का मापन किया जा सकता है। किन्तु इस से उलट नहीं किया जा सकता। भौतिक उपकरणों से मन, बुद्धि और आत्म तत्व के व्यापारों का मापन नहीं किया जा सकता। वर्तमान साईंस के मापन के जो उपकरण हैं वे प्रकृति के पंचमहाभौतिक घटकों का तो मापन कर सकते है लेकिन इस से सूक्ष्म घटकों का मापन नहीं कर सकते।

इस तरह इस से यह स्पष्ट होता है कि आत्म तत्व (इस मुख्य सेट का) यानी अध्यात्म के क्षेत्र के बुद्धि, मन और इन्द्रियाँ यह एक-एक हिस्से (सब-सेट) हैं। इसे समझने के उपरांत साईंस जो आज पंचमहाभूतों में उलझ गया है उस का मन, बुद्धि और अहंकार के अध्ययन का क्षेत्र खुल जाता है।

एँथ्रॉपॉलॉजी (Anthropology) के तहत् शोध कार्य

अंग्रेजों के काल से ही भारत में जो शोध कार्य शुरू हुए, उन का आधार एँथ्रॉपॉलॉजी ही रहा। एँथ्रॉपॉलॉजी के धुरंधर विद्वान क्लॉड लेवी स्ट्रॉस के अनुसार “पराधीन, पराजित और खंडित समाज” इस की विषय वस्तू होते हैं। विजेता समाज विजित समाजों का अध्ययन करने के लिये जो उपक्रम करते हैं वही एँथ्रॉपॉलॉजी है। एँथ्रॉपॉलॉजी के अनुसार अपने समाज का अध्ययन नहीं किया जाता। पराजित समाज के विद्वान भी विजेता समाज का ऐसा अध्ययन नहीं करते। किन्तु धार्मिक (भारतीय) समाज के विद्वान अपने ही समाज का अध्ययन एँथ्रॉपॉलॉजी के अनुसार किये जा रहे हैं[13]। आज भारत में यह सब अध्ययन धार्मिक (भारतीय) दृष्टि से नहीं अपितु यूरोपीय दृष्टि से चल रहे हैं।

भारत पर किये जानने वाले शोध पर एक बिंदु विचारणीय है। इन शोधों का कोई लाभ भारत को या धार्मिक (भारतीय) समाज को नहीं मिलता। यह सब शोध कार्य भारत के विषय में होते हैं। भारत के लिये नहीं। इस लिये इन शोध कार्यों का वर्तमान और भावी भारत से कोई लेना देना नहीं होता। भारत में जाति व्यवस्था के विषय में कई शोध कार्य चल रहे होंगे। लेकिन उन का स्वरूप इस व्यवस्था को निर्दोष और युगानुकूल बनाने का नहीं है और ना ही किसी वैकल्पिक व्यवस्था का विचार इन शोध कार्यों में है। हजारों वर्षों से जाति व्यवस्था भारत में रही है। तो उस के कुछ लाभ होंगे ही। उन लाभों का और उस के कारण हुई हानियों का विश्लेषणात्मक अध्ययन करना इन शोध कार्यों का उद्देश्य नहीं है।

वास्तव में नई व्यवस्था के निर्माण से पहले पुरानी व्यवस्था को तोडना या टूटने देना यह बुद्धिमान समाज का लक्षण नहीं है। लेकिन हम ठीक ऐसा ही कर रहे हैं। महाकवि कालिदास कहते हैं:[14]

पुराणमित्येव न साधु सर्वं न चापि काव्यं नवमित्यवद्यम् ।

अर्थ: पुरानी होने से ही न तो सभी वस्तुएँ अच्छी होती हैं और न नयी होने से बुरी तथा हेय।

और यह भी कहा गया है[citation needed] :

युक्तियुक्तं वचो ग्राह्यं बालादपि शुकादपि ।

अयुक्तियुक्तं वचो त्याज्यं बालादपि शुकादपि ।।

मूल समस्या - एकात्म मानव दृष्टि का अभाव

हम कहते तो हैं कि धार्मिक (भारतीय) दृष्टि हर बात को समग्रता से देखने की है। अभारतीयों जैसा हम टुकडों में विचार नहीं करते। किन्तु १० पीढियों की अधार्मिक (अभारतीय) शिक्षा के कारण प्रत्यक्ष में तो हम भी टुकडों में ही विचार करने लग गये हैं। अधिकारों के लिये लडने लग गये हैं।

एकात्मता की भावना में स्पर्धा के लिये कोई स्थान नहीं रहता। किन्तु हम स्पर्धाओं का आयोजन करते हैं? किसानों की आत्महत्याओं की समस्या क्या मात्र किसानों की है? या पूरे सामाजिक जीवन के प्रतिमान की है? कुटुम्ब टूटने की समस्या क्या केवल परिवारों की समस्या है या पूरे जीवन के प्रतिमान की? किन्तु हम प्रतिमान के परिवर्तन का विचार नहीं करते। एकात्म मानव दृष्टि में अधिकारों के लिये संघर्ष नहीं किया जाता। कर्तव्य पालन के लिये संघर्ष होते हैं। किन्तु हमने अधिकारों के लिये संघर्ष करने वाले बडे बडे संगठन बनाये हैं। बनाने की हमारी मजबूरी होगी। लेकिन बनाए तो हैं। गाँव नष्ट हो रहे हैं। जन, धन, उत्पादन के केन्द्रिकरण की समस्या क्या केवल गाँव के विकास की समस्या है? या वह अधार्मिक (अभारतीय) प्रतिमान के कारण निर्माण हुई है?

विभिन्न विषयों का परस्पर संबंध होता है। वह संबंध भी अंग और अंगी के स्वरूप का होता है। अंगांगी होता है। अंग का व्यवहार अंगी के हित के अविरोधी ही होना चाहिये। यह अंग और अंगी दोनों के हित में होता है। लेकिन हम धर्म व्यवस्था, शासन व्यवस्था, कुटुम्ब व्यवस्था, न्याय व्यवस्था, अर्थ व्यवस्था आदि व्यवस्थाओं के अंगांगी संबंध ध्यान में रखकर विचार नहीं करते। विभिन्न अध्ययन के विषयों में भी अंग और अंगी संबंध होता है। लेकिन हम इन संबंधों की उपेक्षा कर देते हैं। गणित, विज्ञान को समाज शास्त्र पर, अर्थ व्यवस्था को समाज व्यवस्था पर वरीयता दे देते है।

अध्ययन और अनुसंधान के क्षेत्र में प्रमाण का धार्मिक (भारतीय) अधिष्ठान

आजकल वर्तमान धार्मिक (भारतीय) शिक्षा के परिणाम स्वरूप और लिखने पढने का ज्ञान हो जाने से लोगों को लगने लगा है कि लिखा है और उससे भी अधिक जो छपा है वह सत्य ही होगा। धार्मिक (भारतीय) जीवन दृष्टि के अनुसार कहा गया है 'ना मूलं लिख्यते किंचित'। इस का अर्थ है बगैर प्रमाण के कुछ नहीं लिखना। बगैर प्रमाण के, का अर्थ है जो सत्य नहीं है उसे नहीं लिखना। केवल कहीं किसी ने कुछ लिख देने से या किसी वर्तमान पत्र में या पुस्तक में लिखे जाने से उसे सत्य नहीं माना जा सकता।

सत्य की व्याख्या की गई है[citation needed]

'यदभूत हितं अत्यंत'

याने जिस में चराचर का हित हो या किसी का भी अहित नहीं हो वही सत्य है।

इसी का अर्थ है जिसे चराचर का हित किस या किन बातों में है, यह नहीं समझ में आता वह सत्य को स्वत: नहीं समझ सकता। ऐसे लोगों के लिये कहा गया है[citation needed]:

'महाजनो येन गत: स पंथ:'।

ऐसे लोगों को श्रेष्ठ लोगों का अनुकरण करना चाहिये।

श्रीमद्भगवद्गीता में भी कहा गया है[15]

यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः।

स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते।।3.21।।

अर्थ: केवल लिखना पढना आ जाने से वर्तमान पत्र या पुस्तक पढना तो आ जाएगा। किन्तु केवल उतने मात्र से सामान्य मनुष्य सत्य नहीं जान सकता।

किन्तु अध्ययन और अनुसंधान के क्षेत्र में काम करनेवालों के लिये श्रेष्ठ जनों का जीवन या व्यवहार एक अध्ययन का विषय बन सकता है किन्तु प्रमाण का विषय नहीं। फिर प्रमाण का क्षेत्र कौनसा है?

वर्तमान में तथाकथित वैज्ञानिक दृष्टिकोण को या केवल साईंस ही को प्रमाण माना जा सकता है ऐसी धारणा सार्वत्रिक हो गई है। इस लिये सब से पहले वैज्ञानिक दृष्टिकोण का या साईंस के स्वरूप (साईंटिफिक एप्रोच) के आधार पर विश्लेषण करना ठीक होगा।


सत्य जानने के तरीके

सामान्यत: सत्य जानने के तरीके निम्न माने जाते है:

  1. प्रत्यक्ष प्रमाण : जिस का ऑंख, कान, नाक,जीभ और त्वचा के द्वारा याने ज्ञानेन्द्रियों द्वारा जो प्रत्यक्ष अनुभव किया जा सकता है उसे प्रत्यक्ष प्रमाण कहते है।
  2. अनुमान प्रमाण : इस में पूर्व में प्राप्त प्रत्यक्ष अनुभव के आधार पर अनुमान से पूर्व अनुभव के साथ तुलना कर उसे सत्य माना जाता है। इस संबंध में यह समझना योग्य होगा की अनुमान कितना सटीक है इस पर सत्य निर्भर हो जाता है। मिथ्या अनुमान जैसे अंधेरे में साँप को रस्सी समझना आदि से सत्य नहीं जाना जा सकता।
  3. शास्त्र या शब्द या आप्त वचन प्रमाण : प्रत्येक बात का अनुभव प्रत्येक व्यक्ति बार बार नहीं कर सकता। कुछ अनुभव तो केवल एक बार ही ले सकता है। जैसे साईनाईड जैसे जहरीले पदार्थ का स्वाद। साईनाईड का सेवन करने वाले की तत्काल मृत्यू हो जाती है। वह दूसरी बार उस का स्वाद लेने के लिये जीवित नहीं रहता। ऐसे अनुभव छोड भी दें तो भी अनंत ऐसी परिस्थितियाँ होतीं है कि हर परिस्थिति का अनुभव लेना केवल प्रत्येक व्यक्ति के लिये ही नहीं तो किसी भी व्यक्ति के लिये संभव नहीं होता। इस लिये ऐसी स्थिति में शास्त्र वचन को ही प्रमाण माना जाता है। शास्त्रों के जानकारों के लिये शास्त्र वचन प्रमाण होता है। और शास्त्रों के जो जानकार नहीं है ऐसे लोगों के लिये शास्त्र जानने वाले और नि:स्वार्थ भावना से सलाह देने वाले लोगों का वचन भी प्रमाण माना जाता है। ऐसे लोगों को ही आप्त कहा गया है।

सामान्यत: अधार्मिक (अभारतीय) समाजों में तो सत्य जानने के यही तीन तरीके माने जाते है। किन्तु धार्मिक (भारतीय) परंपरा में और भी एक प्रमाण को स्वीकृति दी गई है। वह है अंतर्ज्ञान या अभिप्रेरणा। यह सभी के लिये लागू नहीं है। केवल कुछ विशेष सिद्धि प्राप्त लोग ही इस प्रमाण का उपयोग कर सकते है।

किन्तु सभी प्रमाणों का आधार तो प्रत्यक्ष प्रमाण ही होता है। शास्त्र वचन भी शास्त्र निर्माण कर्ता का कथन होता है। इस कथन का आधार भी उस शास्त्र कर्ता के अपने प्रत्यक्ष अनुभव और अपनी प्रत्यक्ष अनुभूति के माध्यम से प्राप्त हुई जानकारी ही होती है। इसी जानकारी की प्रस्तुति को शास्त्र कहते है।

शास्त्र की प्रस्तुति का अधिकार

किसी की भी लिखी बात को शास्त्र के रूप में मान्यता नहीं मिलती। जिसे ध्यानावस्था प्राप्त हुई है ऐसे व्यक्ति ने ध्यानावस्था में जो प्रस्तुति की होती है केवल उसी को शास्त्र कहते है। हजारों मूर्धन्य विद्वानों द्वारा एकत्रित होकर की हुई प्रस्तुति भी शास्त्र नहीं हो सकती। जिसे ध्यानावस्था प्राप्त है ऐसे मनुष्य के समक्ष समूची सृष्टि एक खुले पुस्तक के रूप में प्रस्तुत हो जाती है। वह हर वस्तु को उस के आदि से लेकर अंत तक जान जाता है। अंतर्बाह्य जान जाता है। इस लिये उस की प्रस्तुति त्रिकालाबाधित सत्य होती है।

प्रमाण का धार्मिक (भारतीय) अधिष्ठान

प्रस्थान त्रयी

भारत में यह मान्यता है कि वेद स्वत: प्रमाण है। वेद की ऋचाएं तो ऋषियों ने प्रस्तुत की हैं, ऐसी मान्यता है। लेकिन वे उन ऋषियों की बौध्दिक क्षमता या प्रगल्भता के कारण उन से नहीं जुडीं है। वे उन ऋचाओं के दृष्टा माने जाते है। ध्यानावस्था में प्राप्त अनुभूति की उन ऋषियों की अभिव्यक्ति को ही ऋचा कहते है। वेद ऐसी ऋचाओं का संग्रह है। यह मानव की बुद्धि के स्तर की रचनाएं नहीं है। इसी लिये वेदों को अपौरुषेय माना जाता है। और स्वत: प्रमाण भी माना जाता है। महर्षी व्यास ने इन ऋचाओं को चार वेदों में सूत्रबध्द किया। वेदों के सार की सूत्र रूप में प्रस्तुति ही वेदान्त दर्शन याने ब्रह्मसूत्र है। वेदों की विषय वस्तू के मोटे मोटे तीन हिस्से किये जा सकते है। पहला है इस का उपासना पक्ष। दूसरा है कर्मकांड पक्ष। और तीसरा है इन का ज्ञान का पक्ष। यह ज्ञान पक्ष उपनिषदों में अधिक विस्तार से वर्णित है। और उपनिषदों का सार है श्रीमद्भगवद्गीता।

वेदों के सार के रूप में ब्रह्मसूत्र, वेद ज्ञान के विषदीकरण की दृष्टि से उपनिषद और उपनिषदों के सार के रूप में श्रीमद्भगवद्गीता ऐसे तीन को मिला कर 'प्रस्थान त्रयी' कहा जाता है।

वर्तमान साईंस के विकास से पहले तक यानी मुश्किल से २००-२५० वर्ष पूर्व तक भारत में प्रस्थान त्रयी को ही जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्रमाण माना जाता था। किन्तु साईंस के विकास के कारण आज इसे कोई महत्व नहीं दिया जाता। ऐसा क्यों? वर्तमान साईंस के विकास के कारण या अन्य कारणों से गत २००-२५० वर्षों में ऐसे कौन से घटक निर्माण हो गये है जिन्हें हम प्रस्थान त्रयी की कसौटी पर नहीं तौल सकते?

शायद साईंटिस्टों का कहना है कि निम्न बातों में साईंस ने जो प्रगति की है उस के कारण प्रस्थान त्रयी को प्रमाण के क्षेत्र में कोई स्थान नहीं दिया जा सकता:

  1. साईंस ने सूक्ष्मता(नॅनो) के क्षेत्र में और सृष्टि के मूल द्रव्य को जानने की दिशा में बहुत प्रगति की है।
  2. साईंस ने विशालता (कॉसमॉस) के क्षेत्र में बहुत प्रगति की है।

प्रमाण की समस्या का हल

उपर्युक्त दोनों ही क्षेत्र वास्तव में प्रस्थान त्रयी के बाहर के नहीं है। सूक्ष्मता के क्षेत्र में, अंतरिक्ष ज्ञान के क्षेत्र में और स्वयंचलित यंत्रों के ऐसे तीनों क्षेत्रों में प्रस्थान त्रयी का प्रमाण उपयुक्त ही है। अध्यात्म विज्ञान तो नॅनो से कहीं सूक्ष्म, वर्तमान साईंस की कल्पना से अधिक व्यापक, विशाल और पूरी सृष्टि के निर्माण, रचना और विनाश का ज्ञान रखता है।

ऐसे साईंटिस्ट प्रस्थान त्रयी के बारे में जानते ही नहीं है। किन्तु उन्हें समझाने का काम धार्मिक (भारतीय) शास्त्रों के जानकारों का है। वर्तमान साईंटिस्टों को यह समझाना होगा कि पंचमहाभूतों के साथ मन, बुद्धि और अहंकार के साथ अष्टधा प्रकृति तक सीमा रखने वाला विज्ञान यह अंगी है। और केवल पंचमहाभूतों तक सीमित रहने वाला साईंस उसका अंग है। अष्ट्धा प्रकृति से भी अत्यंत सूक्ष्म जो आत्म तत्व है उसका क्षेत्र याने अध्यात्म शास्त्र यह तो और भी व्यापक है। अध्यात्म शास्त्र यह अंगी है और अष्टधा प्रकृति की सीमाओं वाला धार्मिक (भारतीय) विज्ञान उसका अंग है। और इस लिये साईंस, धार्मिक (भारतीय) विज्ञान और अध्यात्म विज्ञान इन में कोई विरोधाभास नहीं है। यह तो एक दूसरे से अंगांगी भाव से जुडे विषय है।

पर्यावरण प्रदूषण की समस्या के निराकरण की साईंस की दृष्टि धार्मिक (भारतीय) विज्ञान की दृष्टि, इन दोनों को समझने से इन का परस्पर संबंध और इनमे अंगी और अंग सम्बन्ध समझ में आ जाएंगे। वर्तमान में पर्यावरण के प्रदूषण को दूर करने के लिए बहुत गंभीरता से विचार हो रहा है। प्रमुखता से जल, हवा और पृथ्वी के प्रदूषण का विचार इसमें है। यह साईंटिफिक ही है। लेकिन यह अधूरा है। धार्मिक (भारतीय) विज्ञान की दृष्टि से पर्यावरण याने प्रकृति के आठ घटक हैं। जल, हवा और पृथ्वी इन तीन महाभूतों का जिनका आज विचार हो रहा है, उनके अलावा आकाश और तेज ये दो महाभूत और मन, बुद्धि और अहंकार ये त्रिगुण मिलाकर अष्टधा प्रकृति बनती है। इनमें प्रदूषण के लिए जब तक, मन और बुद्धि के प्रदूषण का विचार और इस प्रदूषण का निराकरण नहीं होगा पर्यावरण प्रदूषण के निराकरण की कोई योजना सफल नहीं होनेवाली। इस का तात्पर्य है कि वर्तमान साईंस अंग है और धार्मिक (भारतीय) विज्ञान अंगी है। इस अंगांगी भाव को स्थापित करने से ही प्रस्थान त्रयी की पुन: सार्वकालिक और सार्वत्रिक प्रमाण के रूप से स्थापना हो सकेगी तथा प्रमाण से संबंधित विवाद का शमन होगा।

निष्कर्ष

संक्षेप में कहें तो:

  1. हीनता बोध के कारण पश्चिम की अधूरी बातों को भी प्रमाण मान लिया जाता है। किन्तु धार्मिक (भारतीय) शास्त्रों को प्रमाण नहीं माना जाता।
  2. भारत में भारत के विषय में शोध कार्य होते हैं। किन्तु भारत के लिये नहीं।
  3. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से आतंकित होकर साईंस का सीधा सामना करने से बचते रहते हैं।
  4. जीवन के धार्मिक (भारतीय) प्रतिमान की समझ नष्ट हो गई है। वर्तमान अधार्मिक (अभारतीय) प्रतिमान को ही अपना प्रतिमान माना जा रहा।
  5. एकात्मता का जप करते हुए अनात्मवादी, विखण्डित पद्दति से विचार हो रहा है।

शोध विषय सूची

विज्ञान और तंत्रज्ञान

  • अध्यात्म आधारित तंत्रज्ञान
  • कौटुम्बिक उद्योगोंके लिए तंत्रज्ञान
  • सर्वे भवन्तु सुखिन: और तन्त्रज्ञान विकास/ उपयोग
  • अणुशस्त्रों के शमन के लिए तंत्रज्ञान
  • शून्य प्रदूषण रासायनिक उद्योग
  • लोह-मुक्त मजबूत, सस्ता और दीर्घायू भवन
  • सस्ती सौर ऊर्जा
  • जीवन की इष्ट गति
  • तन्त्रज्ञान और संस्कृति
  • विज्ञान और तन्त्रज्ञान विकास नीति
  • अनवीकरणीय प्राकृतिक संसाधनोंका उपभोग
  • तन्त्रज्ञान और पगढीला समाज
  • "गाँव की ओर" (हेतु) तन्त्रज्ञान का विकास
  • सामाजिक विकेंद्रीकरण के लिए तंत्रज्ञान
  • प्लास्टिक के लिये जैविक विकल्प

मानविकी

  • भाषा अध्ययन के माध्यम से मोक्ष
  • वाणी विकास - वैखरी से परा तक
  • शास्त्र प्रस्तुति का अधिकार - ध्यानावस्था
  • ब्राह्मण का घर
  • क्षत्रिय का घर
  • माता प्रथमोगुरू:, पिताद्वितीयो
  • लालयेत पंचवर्षाणि
  • दश वर्षाणि ताडयेत्
  • वर्ण व्यवस्था
  • जाति व्यवस्था
  • आश्रम व्यवस्था
  • समान जीवनदृष्टिवाले समाज का सहजीवन - राष्ट्र
  • समाज संगठन
  • तथाकथित जीवन मूल्य बनाम भारतीय जीवन शैली के सूत्र
  • स्वायत्त शिक्षा
  • नि:शुल्क शिक्षा
  • धर्मशास्त्र
  • भारतीय समाजशास्त्र
  • भारतीय अर्थशास्त्र
  • भारतीय न्याय व्यवस्था
  • भारतीय जल प्रबंधन व्यवस्था
  • प्रकृति सुसंगत जीवन
  • सुख या साधन
  • जीवन से संबंधित सभी विषयों का अंगांगी संबंध
  • १६/४९ संस्कार प्रक्रिया
  • जीवन की इष्ट गति
  • लोक शिक्षा का पुनरूज्जीवन/नवर्निर्माण
  • वर्णानुसार आहार
  • विद्यार्थियों के लिये आहार
  • यम नियमों (अष्टांग योग) की शिक्षा
  • नि:शुल्क अन्न, औषधि और शिक्षा
  • अंत:करण चतुष्टय की अध्ययन प्रक्रिया में भूमिका
  • कुटुम्ब शिक्षा से मानव निर्माण
  • धर्मनियंत्रित समाज रचनाकी प्रतिष्ठापना
  • अनध्ययन के दिन - व्यावहारिक सर्वेक्षण
  • वनस्पति पूजन/प्रार्थना- औषधि के गुण में योगदान
  • जीवन का भारतीय प्रतिमान की प्रतिष्ठापना
  • कौटुम्बिक उद्योगों की पुनर्प्रतिष्ठा
  • संस्कार - एक मनोवैज्ञानिक विश्लेषण
  • स्वावलंबी ग्राम की अर्थव्यवस्था
  • भारतीय कुटुम्ब - प्रत्यक्ष में प्रतिष्ठापना
  • भारतीय इतिहास दृष्टि
  • भारतीय जीवशास्त्रीय दृष्टि
  • भौगोलिक परिस्थिति और आहार का समायोजन
  • आध्यात्मिक मनोविज्ञान
  • शिक्षा के अ-सरकारीकरणकी प्रक्रिया
  • आयु की अवस्थाके अनुसार शिक्षा
  • भारतीय वैज्ञानिक दृष्टि
  • माध्यम - भाषा दृष्टि
  • भारतीय समाज कीचिरंजीविताका विश्लेषण
  • समाज जीवन में वैश्विकता/स्थानीयता, चिरंजीविता/तात्कालिकता
  • समाजिक सबंधोंका आधार स्वार्थ या कौटुम्बिक भावना अर्थात् कौटुम्बिक भावना आधारित समाज
  • वर्णानुक्रम - मनुष्य के व्यक्तित्व में सबसे प्रभावी वर्ण और दूसरे क्रमांक का वर्ण
  • अंग्रेजी में अनुवाद नहीं करना चाहिए ऐसे भारतीय संकल्पनात्मक शब्दोंकी सूची
  • मम हिताय मम सुखाय से सर्वे भवन्तु सुखिन: की ओर - परिवर्तनकी प्रक्रिया
  • शिक्षा से जुडे विभिन्न घटकोंकी जिम्मेदारी - शिक्षक, विद्वान, अभिभावक, शासन, समाज

References

  1. ऋग्वेदः सूक्तं १.८९
  2. Swami Vivekananda Volume 6 page 473.
  3. ऋग्वेद 1.164.46 (इन्द्रं मित्रं वरुणमग्निमाहुरथो दिव्य: स सुपर्णो गरुत्मान्। एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्त्यग्निं यमं मातरिश्वानमाहु:॥)
  4. श्रीमद्भगवद्गीता 18.63
  5. शिवमहिम्न: स्तोत्र
  6. मनुस्मृति (6-176)
  7. ईशावास्योपनिषद्, प्रथम मन्त्र
  8. Prapanna Gita 57
  9. ईशावास्योपनिषद
  10. व्हॉट इंडिया शुड नो, भारतीय विद्या भवन द्वारा प्रकाशित
  11. श्रीमद्भगवद्गीता, 7-4
  12. श्रीमद्भगवद्गीता, 3-42
  13. भारतीय चित्त, मानस और काल, धर्मपाल, पृष्ठ १४
  14. मालविकाग्निमित्रम्, महाकवि कालिदास
  15. श्रीमद्भगवद्गीता , 3.21

अन्य स्रोत: