Achara (आचार)

From Dharmawiki
Revision as of 17:07, 2 December 2025 by AnuragV (talk | contribs)
(diff) ← Older revision | Latest revision (diff) | Newer revision → (diff)
Jump to navigation Jump to search
ToBeEdited.png
This article needs editing.

Add and improvise the content from reliable sources.

आचार (संस्कृतः आचारः) को धर्म का मूलाधार, मानव-चरित्र का दर्पण, समाज-व्यवस्था का नियामक तथा आध्यात्मिक विकास का साधन बताया गया है। स्मृतियों में यह स्पष्ट रूप से व्यक्त है कि आचार केवल किसी व्यक्ति के बाहरी कर्मों का समूह नहीं, अपितु उसके चरित्र, सद्बुद्धि, समाजबोध और आत्मानुशासन का सम्मिलित रूप है।

परिचय॥ Introduction

आचार मानवता का पोषक, रक्षक और सुख का परम आधार है। पुराणों में कहा गया है कि यदि कोई मनुष्य वेदों का ज्ञान रखता हो, विभिन्न शास्त्रों को जानता हो, फिर भी यदि उसके जीवन में आचार का सम्यक् पालन नहीं है, तो वेद या शास्त्रों का ज्ञान उसे पूर्ण फल नहीं दे सकता। प्राचीन ऋषियों और परम्पराओं ने मनुष्य के आचरण के लिए अनेक विधियाँ निश्चित की हैं, और यह विशेष रूप से बताया गया है कि मनुष्य को किन-किन नियमों का पालन करना चाहिए।

आचार वह मार्ग है जो मनुष्य के अंतःकरण को शुद्ध करता है। कोई भी वस्तु उसके लिए अमंगलकारी नहीं बनती और न ही कोई बाधा उत्पन्न होती है। जो व्यक्ति आचार का पालन करता है, उसे स्वाभाविक रूप से सत्य-ज्ञान प्राप्त होता है। महर्षियों और धर्मग्रंथों ने आचार को धर्म का मूल अंग माना है और संत-महात्माओं ने भी सदैव यही कहा है कि आचार ही मनुष्य का वास्तविक श्रृंगार है। पुराणों के अनुसार आचार का क्षेत्र अत्यंत विस्तृत है। जैसे -

सूर्योदय से पूर्व जागरण, प्रातः स्नान, संध्या, तप, वेद-स्वाध्याय, देव-सेवा, गो-सेवा, अतिथि-सत्कार, मृदु-वाणी, गुरु-सेवा, सत्य-पालन, ब्रह्मचर्य, अहिंसा, दान, करुणा, विनम्रता, धर्मपालन इत्यादि - ये सभी सदाचार के अंग माने गए हैं।

आचार को प्रथम धर्म कहा है-

आचारः प्रथमो धर्मः श्रुत्युक्तः स्मार्त एव च। तस्मादस्मिन्समायुक्तो नित्यं स्यादात्मनो द्विजः॥ आचाराल्लभते चायुराचाराल्लभते प्रजाः। आचारादन्नमक्षय्यमाचारो हन्ति पातकम्॥ (देवी भागवत ११.९/१०)[1]

अनु- आचार ही प्रथम (मुख्य) धर्म है-ऐसा श्रुतियों तथा स्मृतियोंमें कहा गया है, अतएव द्विजको चाहिये कि वह अपने कल्याणके लिये इस सदाचारके पालनमें नित्य संलग्न रहे।मनुष्य आचारसे आयु प्राप्त करता है, आचारसे सत्सन्तानें प्राप्त करता है ,आचारसे अक्षय अन्न प्राप्त करता है तथा यह आचार पापको नष्ट कर देता है॥ धर्मशास्त्र परंपरा में वेद और स्मृतियों के साथ-साथ सामाजिक आचार को भी धर्म के विषय में प्रमाण माना जाता है। भारतीय चिन्तन धारा ने जाति, कुल, ग्राम, देश आदि के अपने आचार व रीति रिवाजों को धर्म माना है। यह व्यवस्था धर्मशास्त्र को जीवन्तता प्रदान करती है। मनु ने धर्म के निम्नलिखित स्रोत बताये हैं -

वेदः स्मृतिः सदाचारः स्वस्य च प्रियमात्मनः। एतच्चतुर्विधं प्राहुः साक्षाद् धर्मस्य लक्षणम्॥ (मनु स्मृति २.१२ )[2]

भाषार्थ - वेद, स्मृति, सदाचार तथा स्वयं का प्रिय - ये धर्म के चार स्रोत हैं। यदि अपने कार्य अकार्य के विषय में जानना हो तो इनसे जाना जा सकता है।

परिभाषा॥ Definition

भारतीय आचार-शास्त्र में उचित आचरण को आचार तथा अनुचित आचरण को अनाचार कहा गया है। वृहत्त् संस्कृताभिधान वाचस्पत्य के अनुसार ‘आचार’ की व्युत्पत्ति का विवेचन करते हुए यह स्पष्ट किया गया है कि आचार को दो रूपों सदाचार एवं दुराचार में वर्गीकृत किया जाता है - [3]

आचरणै अनुष्ठाने स च अनुष्ठान निवृत्त्यात्मक भावाभावरूपः। तत्र सदाचारः वेदस्मृत्यादि विहित तत्र नित्य निषिद्धश्च कदाचार इति भेदात् द्विविधः वाचस्पत्यम्।

आचार का स्वरूप

आचार के संबंध में ऋषि कहते हैं कि - धर्मानुकूल शारीरिक व्यापार ही सदाचार है। केवल शारीरिक व्यापार या शारीरिक चेष्टा सदाचार नहीं, वह तो अंग संचालन मात्र की क्रिया है। उससे स्थूल शारीरिक लाभ के अतिरिक्त आत्मोन्नति का सम्बन्ध नहीं। इस कारण मात्र शारीरिक क्रिया को आचार नहीं कहते। शारीरिक व्यापार या शारीरिक चेष्टा जब धर्मानुकूल अथवा किसी प्रकार धर्म को लक्ष्य करते हुये होती है तब वह सदाचार होता है और तब उससे स्थूल, सूक्ष्म और कारण तीनों शरीर की उन्नति और साथ ही साथ आत्मा का भी अभ्युदय साधन होता है। यह धर्मानुकूल आचरण ही सदाचार है।

महर्षि वशिष्ठ लिखते हैं कि-

आचारः परमोधर्मः सर्वेषामिति निश्चयः । हीनाचार परीतात्मा प्रेत्य चेह च नश्यति ॥

अर्थात् यह निश्चय है कि आचार ही सबका परम धर्म है आचार भ्रष्ट मनुष्य इस लोक और परलोक दोनों में नष्ट होता है।

आचार हीनं न पुनन्ति वेदाः यद्यप्यधीता सहषड्भिरंगैः। छन्दास्येनं मृत्युकाले त्यजन्ति नीडं शकुन्ता इव ताप तप्ताः।

आचार हीन व्यक्ति यदि सांगोपांग वेदों का विद्वान् भी है तो वेद उसको पवित्र नहीं कर सकते और वैदिक ऋचायें भी उसे अन्तकाल में इसी प्रकार त्याग देती हैं जैसे अग्नि के ताप से तप्त घोंसले को पक्षी त्याग देते हैं।

आचारात् फलते धर्ममाचारात् फलते धनम् । आचाराच्छ्रियमाप्नोति आचारो हन्त्यलक्षणम्।।

इसके अतिरिक्त दुराचारी मनुष्य लोक में निन्दित, दु:ख का भागी, रोग ग्रस्त और अल्पायु होता है। सदाचार का फल धर्म है, सदाचार का फल धन है, सदाचार से श्री की प्राप्ति होती है तथा सदाचार कुलक्षणों को नाश करता है।

आचारः परमो धर्मः आचारः परमं तपः।आचारः परमं ज्ञानं आचारात् कि न साध्यते ॥

आचाराद् विच्युतो विप्रो न वेदफलमश्नुते।आचारेण समायुक्तः सम्पूर्णफलभाग् भवेत् ॥

यः स्वाचारपरिभ्रष्टः साङ्गवेदान्तगोऽपि चेत् ।स एव पतितो ज्ञेयो सर्वकर्मबहिष्कृतः॥ (वसिष्ठ धर्मसूत्र)

आचार ही सर्वोत्तम धर्म है, आचार ही सर्वोत्तम तप है, आचार ही सर्वोत्तम ज्ञान है, यदि आचारका पालन हो तो असाध्य क्या है! अर्थात कुछ भी नहीं। शास्त्रोमें आचारका ही सर्वप्रथम उपदेश ( निर्देशन ) हुआ है । धर्म भी आचारसे ही उत्पन्न है ( अर्थात् ) आचार ही धर्मका माता-पिता है और एकमात्र ईश्वर ही धर्मका स्वामी है । इस प्रकार आचार स्वयं ही परमेश्वर सिद्ध होता है। एक ब्राह्मण जो आचारसे च्युत हो गया है,वह वेदोंके फलकी प्राप्तिसे वञ्चित हो जाता है चाहे वेद-वेदाङ्गोंका पारंगत विद्वान् ही क्यो न हो किंतु जो आचारका पालन करता है वह सबका फल प्राप्त कर लेता है ।

आचार की दार्शनिक संरचना॥ Philosophical Structure of Achara

आचार से आशय उस श्रेष्ठ आचरण से है जिसे व्यक्ति अपने जीवन में अपनाता है। यह धर्म, नैतिकता और सामाजिक दृष्टि से ऐसा आचरण है जिसे सभी लोग अनुसरण योग्य मानते हैं। आचार का निर्धारण समाज की समष्टि-हित भावना को ध्यान में रखकर किया जाता है; इसलिए यह सदैव शोभनीय और लोक-हितकारी होता है।

आचार को ही लोकाचार, शिष्टाचार तथा सदाचार जैसे नामों से भी अभिहित किया जाता है। यह सामान्यतः व्यक्ति के चरित्र, उसके आचरण, उसकी योग्यता और उसकी शील-संपन्नता का परिचायक होता है। आचार मनुष्य के व्यवहार का वह रूप है जो समाज में उसके व्यक्तित्व को आदर और प्रतिष्ठा प्रदान करता है। अखंड रूप से देखें तो आचार वही होता है, जिससे स्वयं व्यक्ति और समाज - दोनों का हित साधित होता है।[3]

स्मृतियों के अनुसार जब कोई व्यक्ति किसी देश या समुदाय के अधिकार क्षेत्र में प्रवेश करता है, तो उसे वहाँ की परम्पराओं, आचारों, सामाजिक व्यवहार तथा कुल-सम्बन्धी मर्यादाओं का उसी प्रकार पालन करना चाहिए -

यस्मिन्देशे य आचारो व्यवहारः कुलस्थितिः । तथैव परिपाल्योऽसौ यदा वशं उपागतः॥ (याज्ञवल्क्य स्मृति १.३४३)[4]

भाषार्थ - जिस स्थान में जिस प्रकार का आचार-विचार और सामाजिक आचरण प्रचलित हो, वहाँ पहुँचकर व्यक्ति को वही मर्यादाएँ अपनानी चाहिए, जैसे शरीर पर वस्त्र बदलने पर उसके अनुसार रूप-रंग और उपयुक्तता का ध्यान रखा जाता है।

स्मृतियों में आचार॥ Achara in Smritis

आचारात् प्राप्यते श्रैष्ठ्यम्, आचारात् कर्म लभ्यते। कर्मणो जायते ज्ञानम् – इति वाक्यं मनोः स्मृतम्॥ 13॥

सदाचार के पालन से मनुष्य को श्रेष्ठता, सम्मान और उच्च स्थिति प्राप्त होती है। आचार ही कर्म का आधार बनता है, क्योंकि बिना उचित आचरण के धर्मयुक्त कर्म संभव नहीं है। मनुस्मृति का यह सिद्धांत है कि जब कर्म शुद्ध, संयत और विधिपूर्वक किए जाते हैं, तब उनसे यथार्थ ज्ञान की उत्पत्ति होती है। अतः आचार → कर्म → ज्ञान — यह मानव विकास की क्रमिक और अनिवार्य शृंखला है। सच्चा ज्ञान उसी को प्राप्त होता है जो पहले आचार को दृढ़ करता है और फिर उसी के अनुरूप कर्म का अनुष्ठान करता है।

सर्वधर्मवरिष्ठोऽयमाचारः परमं तपः। तदेव ज्ञानमुद्दिष्टं तेन सर्वं प्रसाध्यते॥ 14॥

सभी धर्मों में आचार को सर्वश्रेष्ठ कहा गया है, क्योंकि यह स्वयं में एक महान तप है। नियम, शुचिता, संयम और सतत अनुशासन—ये सब मिलकर आचार को तपस्वी-गुण प्रदान करते हैं। यही आचार वास्तविक ज्ञान का लक्ष्य है, क्योंकि आचार से उत्पन्न पवित्रता और एकाग्रता के द्वारा जीवन के सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होते हैं। मनुष्य के प्रयासों की सिद्धि और आंतरिक उन्नति का मूल आधार आचार ही है।

स्मृतियों में आचार के तीन विभाग किये गये हैं - देशाचार, जात्याचार और कुलाचार।

  1. देशाचार - देश-विशेष में जो आचार प्रचलित होते थे उनको देशाचार कहते थे जैसे दक्षिण में मातुल कन्या से विवाह।
  2. जाति आचार - जाति-विशेष में जो आचार प्रचलित होते थे उन्हें जात्याचार कहा जाता है जैसे - कुछ जातियों में सगोत्र विवाह होना।
  3. कुलाचार - इसी प्रकार कुल-विशेष में प्रचलित आचार को कुलाचार कहा जाता है।

धर्मशास्त्र में इस बात का राजा को आदेश दिया गया है कि वह आचारों को मान्यता प्रदान करे, ऐसा न करने से प्रजा क्षुब्ध होती है।

आह्निक एवं आचार

वर्तमान के समय में आचरण के पालन में बाधा करने वाले निम्नकारण हैं-

  • विधि को न जानना
  • विधि पर अश्रद्धा
  • विजातीय अनुकरण की अत्यन्त अधिकता
  • स्वेछाचारी होने की प्रबलता
  • स्वाभाविक आलस्य आदि की अधिकता ही समाज में आचार को न्यूनता की ओर प्रेरित करने में अग्रसर है।

शास्त्रोक्त विधि का प्रतिपालन ही सदाचार कहा जाता था-

संक्षेपमें हमारे श्रुति-स्मृतिमूलक संस्कार देह, इन्द्रिय, मन, बुद्धि और आत्माका मलापनयन(परिशुद्धि) कर उनमें अतिशयाधान करते हुए किञ्चित् हीन अङ्ग की पूर्ति कर उन्हें विमल कर देते हैं। संस्कारोंकी उपेक्षा करनेसे समाजमें उच्छृङ्खलता(अराजकता)की वृद्धि हो जाती है जिसका दुष्परिणाम सर्वगोचर एवं सर्वविदित है।

वर्तमानमें मनुष्यकी बढ़ती हुई भोगवादी कुप्रवृत्तिके कारण आचार-विचार का उत्तरोत्तर ह्रास हो रहा है एवं स्वेच्छाचारकी कुत्सित मनोवृत्ति भी उत्तरोत्तर बढ़ती जा रही है, जिसका दुष्परिणाम संसार के समस्त प्राणियों को भोगना पड़ रहा है। ऐसी भयावह परिस्थितिमें मानव के लिये स्वस्थ दिशा बोध प्रदान करनेके लिये आचार-विचार का ज्ञान और उसके अनुसार आचरण करना यह पथ-प्रदर्शक होगा।

उद्धरण॥ References

  1. देवी भागवत, स्कन्ध- ११, अध्याय- १, श्लोक- ९/१०।
  2. मनु स्मृति, अध्याय- २, श्लोक- १२।
  3. 3.0 3.1 शोध छात्रा - मासुमा, वैदिक परम्परा में आचार मीमांसा एक अध्ययन, सन २०२२, शोधकेन्द्र - काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी (पृ० १७)।
  4. याज्ञवल्क्य स्मृति, आचाराध्याय, श्लोक 343।